Dehradun News: 20-20 हजार के दो इनामी हत्यारोपी सहारनपुर से गिरफ्तार

देहरादून। मामूली विवाद के बाद सरियों से किए गए जानलेवा हमले में एक व्यक्ति की मौत के मामले में फरार चल रहे 20-20 हजार के दो इनामी आरोपियों मोहम्मद हुसैन और मोहम्मद आसिफ को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। डालनवाला पुलिस ने दोनों आरोपियों को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से गिरफ्तार किया है। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने बताया कि 26 मई 2026 को राजपुर रोड स्थित एक निर्माणाधीन भवन में काम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था। मामले में पिंटू कुमार की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिक दर्ज की थी। आरोप था कि सहारनपुर निवासी मोहम्मद हुसैन और मोहम्मद आसिफ ने गाली-गलौज के बाद लोहे की सरियों से हमला कर दिया जिसमें रामफल ऋषि गंभीर रूप से घायल हो गए थे जबकि एक अन्य व्यक्ति के हाथ में फ्रैक्चर आया था।जांच के दौरान पुलिस ने गवाहों और चिकित्सकों के बयान दर्ज किए। इसी बीच 11 जून को उपचार के दौरान घायल रामफल ऋषि की मौत हो गई, जिसके बाद मुकदमे में हत्या की धारा भी जोड़ दी गई। घटना के बाद से दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे। उनकी गिरफ्तारी के लिए न्यायालय से वारंट जारी किए गए और एसएसपी देहरादून ने दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।आखिरकार 12 जून को दोनों को सहारनपुर के सरदाहेड़ी गांव से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में मुख्य आरोपी मोहम्मद हुसैन ने बताया कि वह निर्माणाधीन भवन में शटरिंग का ठेका लेकर काम कर रहा था। घटना वाले दिन सरिया हटाने को लेकर उसके मजदूर और दूसरे पक्ष के लोगों के बीच विवाद हुआ था। झगड़ा बढ़ने पर उसने और उसके साथी आसिफ ने पास पड़ी लोहे की सरिया उठाकर हमला कर दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का सरिया भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हुसैन (35) और मोहम्मद आसिफ (25), निवासी ग्राम सरदाहेड़ी, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में हुई है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 14, 2026, 02:19 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Dehradun News: 20-20 हजार के दो इनामी हत्यारोपी सहारनपुर से गिरफ्तार #TwoAccusedInMurderCaseArrestedFromSaharanpur #SubahSamachar