Delhi: अलीपुर में बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, खेत मालिक पर लापरवाही का आरोप
बाहरी-उत्तरी दिल्ली के अलीपुर थाना क्षेत्र स्थित मुखमेलपुर गांव में रविवार को बरसात के पानी से भरे एक गहरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों, आयुष (8) और नितेश (10), की मौत हो गई। दोनों बच्चे छुट्टी के दिन अपने घर के पीछे खेतों में अन्य बच्चों के साथ खेल रहे थे। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों ने खेतों से बरसाती पानी की निकासी के लिए एक गहरा गड्ढा बनाया हुआ था, जिसमें बारिश का पानी भर गया था। खेलते-खेलते आयुष और नितेश उसमें गिर गए और डूबने लगे। साथ खेल रहे बच्चों ने शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को बाहर निकाला। कैट्स एंबुलेंस की मदद से उन्हें सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर अलीपुर थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया गया। पुलिस ने लापरवाही से मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बाहरी-उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि आयुष उत्तराखंड एन्क्लेव, मुखमेलपुर में अपने परिवार के साथ रहता था, जबकि नितेश भी उसी इलाके का निवासी था। दोनों पास के सरकारी स्कूल में क्रमशः दूसरी और तीसरी कक्षा के छात्र थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जिस खेत में हादसा हुआ, उसकी देखरेख करने वालों ने पानी निकासी के लिए गड्ढा बनाया था। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने खेत मालिक की लापरवाही को दुर्घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए कार्रवाई की मांग की है। हाल के प्रमुख डूबने के हादसे 10 जुलाई: समयपुर बादली में सात वर्षीय बच्चे की डूबने से मौत 9 जुलाई: नजफगढ़ के एक स्कूल के स्विमिंग पूल में 26 वर्षीय युवक की मौत 5 जून: मंडावली तालाब परिसर में 13 वर्षीय किशोर की डूबकर मौत 30 अप्रैल: द्वारका गोल्फ कोर्स के तालाब में तीन बच्चों की मौत 14 अप्रैल: तिमारपुर में यमुना नदी में दो किशोर डूब गए
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 13, 2026, 02:16 IST
Delhi: अलीपुर में बरसाती पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूमों की मौत, खेत मालिक पर लापरवाही का आरोप #CityStates #DelhiNcr #Delhi #ChildrenDrowned #SubahSamachar
