यूपी बोर्ड : मूल्यांकन के लिए जिले में बने दो केंद्र
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा 12 मार्च को समाप्त हो जाएगी। इसके बाद उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू होगा। इसके लिए जिले में दो केंद्र बनाए गए हैं। जहां 1265 परीक्षक उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन करेंगे। इसकी तैयारी में विभाग जुट गया है, हालांकि अभी मूल्यांकन की तिथि नहीं आई है, लेकिन 18 मार्च से मूल्यांकन होने की संभावना जताई जा रही है। जिले के 94 परीक्षा केंद्रों पर 18 फरवरी से हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा चल रही है। अधिकांश मुख्य विषयों की परीक्षाएं पूरी हो चुकी हैं। यह परीक्षा 12 मार्च को समाप्त होगी। माध्यमिक शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार बोर्ड का लक्ष्य है कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन पूरा कर 15 अप्रैल तक परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाए। इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में जिले में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के 54204 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, हालांकि इनमें से बड़ी संख्या में परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। मूल्यांकन को लेकर जिले में दो केंद्र बनाए गए हैं। इसमें हीरालाल रामनिवास इंटर कॉलेज खलीलाबाद और राजकीय कन्या इंटर काॅलेज खलीलाबाद शामिल हैं। इन केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। मूल्यांकन के लिए 1263 परीक्षक लगाए जाएंगे। जिसकी सूची तैयार की जा रही है। इन केंद्रों पर अभी कितनी उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होगा। यह बोर्ड से नहीं आया है। हालांकि शिक्षा विभाग मूल्यांकन की तैयारी में जुटा है। डीआईओएस हरिशचंद नाथ ने बताया कि मूल्यांकन के लिए दो केंद्र बने हैं। परीक्षकों की सूची तैयार की जा रही है। बोर्ड से तिथि आने के बाद मूल्यांकन शुरू करा दिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 06, 2026, 23:02 IST
यूपी बोर्ड : मूल्यांकन के लिए जिले में बने दो केंद्र #SANTKABIRNAGARNEWS #SubahSamachar
