UP News: राजधानी में अवैध ढंग से रह रही उज्बेकिस्तानी महिला गिरफ्तार, दरोगा ने दर्ज कराई एफआईआर
राजधानी लखनऊ में अवैध ढंग से रह रही उज्बेकिस्तान की एक महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसे पुलिस ने करीब एक महीने पहले चारबाग इलाके से पकड़ा था। उसके पास न तो कोई दस्तावेज मिला और ना ही वह सही जानकारी दे सकी। पान दरीबा चौकी प्रभारी नीरज कुमार सिंह की तहरीर पर अब नाका थाने में महिला के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर नाका अभिनव कुमार वर्मा के मुताबिक, 21 मार्च की देर रात एक महिला चारबाग स्टेशन के पास खड़ी थी। शक होने पर पुलिस ने बातचीत की तो उसने अपना नाम मुबीना बताया और जानकारी दी कि वह उज्बेकिस्तान की राजधानी ताशकंद के एंडिजन शहर की रहने वाली है। कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकी इस पर उससे पासपोर्ट और वीजा मांगा तो वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सकी। तलाशी में न तो मोबाइल न ही अन्य दस्तावेज मिले। इसके बाद पुलिस ने विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय को जानकारी दी। महिला की फोटो, फिंगर प्रिंट लेकर दूतावास को सूचित किया गया। फोटो से उज्बेकिस्तान दूतावास में महिला की सही पहचान का नहीं पता चल सका। महिला को इमिग्रेशन के लिए इंदिरा भवन स्थित कार्यालय ले जाया गया। वहां रेटिना की स्कैनिंग कराई गई। रेटिना के मिलान से पता चला कि महिला का नाम खुजेवा जिओदा पुत्री मखसुदबेक है। वह उज्बेकिस्तान के एक्सोरजम के खिवा जिले की है। हालांकि, खुजेवा नाम से उसकी फोटो का मिलान नहीं हो रहा है। मोती नगर स्थित नारी निकेतन में रखा गया है दूतावास से पता चला कि उज्बेकिस्तान में महिला का सही रिकॉर्ड नहीं मिला है। इस पर दरोगा नीरज सिंह की तहरीर पर विदेशी अधिनियम 1946 की धारा 14 और पासपोर्ट अधिनियम 1967 की धारा 12 के तहत एफआईआर कराई गई है। महिला को फिलहाल मोती नगर स्थित नारी निकेतन में रखा गया है। उसके बारे में अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 24, 2026, 18:51 IST
UP News: राजधानी में अवैध ढंग से रह रही उज्बेकिस्तानी महिला गिरफ्तार, दरोगा ने दर्ज कराई एफआईआर #CityStates #Lucknow #UttarPradesh #LucknowPolice #SubahSamachar
