Varanasi News: प्रदर्शनकारियों से निबटने को सीपी ने संभाली कमान, प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का निरीक्षण
वाराणसी में नीट (यूजी) 2026 पेपर लीक मामले को लेकर अपना दल (कमेरावादी) द्वारा प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर कमिश्नरेट पुलिस पूरे दिन हाई अलर्ट पर रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने स्वयं मोर्चा संभाला और विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण किया। सोमवार को पुलिस आयुक्त ने प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) क्षेत्र, मालवीय चौराहा और नरिया तक पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने को कहा। बीएचयू के सिंहद्वार पर प्रदर्शन की संभावना को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था विशेष रूप से कड़ी की गई थी। पुलिस आयुक्त ने लंका स्थित मालवीय चौराहे पर पुलिस बल को ब्रीफ करते हुए निर्देश दिया कि सभी पुलिसकर्मी हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर और निर्धारित असलहों के साथ ड्यूटी पर तैनात रहें। साथ ही आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, रस्सों और अन्य सुरक्षा संसाधनों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 15, 2026, 22:45 IST
Varanasi News: प्रदर्शनकारियों से निबटने को सीपी ने संभाली कमान, प्रधानमंत्री के संसदीय कार्यालय का निरीक्षण #CityStates #Varanasi #VaranasiPolice #VaranasiNews #LatestNews #BigNews #TodayNews #UpNews #HindiNews #TopNews #SubahSamachar
