वाराणसी की प्रमुख खबरें: सड़क हादसे में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत, 56 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार
बेटी को स्कूल छोड़कर घर लौट रही आकांक्षा श्रीवास्तव (36) को शुद्धिपुर में बस ने रौंद दिया। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बस को बीच सड़क छोड़कर चालक भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। आकांक्षा के पति राहुल श्रीवास्तव यूनियन बैंक में सीनियर मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। वहीं क्रेन से बस को हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया। न्यू अशोक विहार कॉलोनी निवासी आकांक्षा श्रीवास्तव मंगलवार की सुबह साढ़े सात बजे अपनी सात साल की बेटी प्रियांगी को संत अतुलानंद स्कूल छोड़ने गई थीं।वापसी के दौरान शुद्धिपुर स्थित होटल आद्रिका के सामने सड़क पार करते समय जौनपुर की ओर जा रही निजी बस ने उन्हें कुचल दिया। महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस महिला को जिला अस्पताल लेकर आई। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पति की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात प्रभावित हो गया। पुलिस ने क्रेन बुलाकर बस को सड़क से हटवाया। इसके बाद आवागमन सामान्य कराया जा सका। वाहन के दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चालक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।आकांक्षा अपने पीछे पति राहुल श्रीवास्तव और एक बेटी को छोड़ गई हैं। थाना प्रभारी अजीत वर्मा ने बताया कि चालक की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। इसे भी पढ़ें;बुझ गया घर का इकलौता चिराग: दोस्त की बहन की शादी में गए युवक की पीट-पीटकर हत्या, साथी की हालत गंभीर 56 लाख की ठगी और आत्महत्या मामले में नामजद आरोपी गिरफ्तार कैंट थाना क्षेत्र के फुलवरिया में निवेश के नाम पर 56 लाख रुपये की कथित ठगी और महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को आरोपी सतीश कुमार भारती को फुलवरिया घोसियाना से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, 16 अप्रैल को रोहनिया निवासी नीलम यादव की तहरीर पर कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। आरोप है कि पांच लोगों ने उनकी बहन नूतन यादव को मुनाफे का झांसा देकर करीब 56 लाख रुपये की ठगी की। जब नूतन ने रकम मांगी तो आरोपियों ने ब्लैकमेल किया। तनाव के चलते नूतन यादव ने आत्महत्या कर ली। जांच के दौरान कैंट पुलिस ने सतीश कुमार भारती (33), पुत्र श्याम सुंदर भारती, निवासी बदुआपुरा, सुंदरपुर, थाना चितईपुर को गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 08, 2026, 16:54 IST
वाराणसी की प्रमुख खबरें: सड़क हादसे में बैंक मैनेजर की पत्नी की मौत, 56 लाख की ठगी का आरोपी गिरफ्तार #CityStates #Varanasi #VaranasiNews #RoadAccident #CrimeNews #SubahSamachar
