VIDEO: डंपर की टक्कर से कारीगर की माैत, 200 मीटर तक घसीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम
आगरा के एत्मादपुर-खंदौली मार्ग पर सोमवार सुबह दर्दनाक हादसा हुआ। तेज रफ्तार बालू से भरे डंपर ने टाइल्स कारीगर को चपेट में ले लिया। चालक के ब्रेक न लगाने से करीब 200 मीटर तक कारीगर पहिए के साथ घिसटता रहा। इससे शव क्षत-विक्षत हो गया। यह देखकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों की चीख निकल गई। वह डंपर पीछे दाैड़े तो चालक डंपर छोड़कर भाग गया। गुस्साए लोगों ने मुआवजे की मांग के लिए जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर माने। नगला मनी, खंदाैली रोड निवासी अनुपम उर्फ डैनी पत्थर-टाइल्स कारीगर थे। सोमवार सुबह 7 बजे घर से निकले थे। गांव पीपरिया में काम करने जाना था। मगर जब वो कार्य स्थल पर पहुंचे तो मकान मालिक नहीं थे। एत्मादपुर-खंदाैली मार्ग पर पैदल घर की तरफ जाते समय गांव पीपरिया के पास एत्मादपुर की तरफ से आए बालू से भरे डंपर ने अनुपम को चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर के पहिए में अनुपम फंस गए। लोगों ने शोर मचाया लेकिन चालक ने डंपर को रोका नहीं। शव क्षत-विक्षत देख लोगों की रूह कांप गई। ग्रामीणों ने शव के पास ही सड़क पर जाम लगा दिया। उनकी मांग थी कि आरोपी चालक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। पीड़ित परिवार को मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण वाहनों की कतारें लग गईं। सूचना पर एसडीएम सुमित कुमार सिंह पहुंचे। उन्होंने आश्वासन देकर ग्रामीणों को शांत किया। तब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं डीसीपी आदित्य सिंह ने बताया कि परिजन की शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। मृतक की सात साल की बेटी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 19:26 IST
VIDEO: डंपर की टक्कर से कारीगर की माैत, 200 मीटर तक घसीटा, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम #SubahSamachar
