अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रुपईडीहा में भव्य आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

बहराइच में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को आदर्श नगर पंचायत रुपईडीहा के सहयोग से सरस्वती शिशु विद्या मंदिर परिसर में भव्य सामूहिक योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास किया। योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों को वज्रासन, मंडूकासन, वक्रासन, मकरासन, उत्तानपादासन, सिद्धासन, सिंहासन, सेतुबंधासन, भूनमनासन, मयूरासन सहित अन्य योगासन कराए गए तथा योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में युवा नेपाल समिति, बांके के अध्यक्ष इच्छा राम यादव के निर्देशन में योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर युवा नेपाल समिति के उपाध्यक्ष दिलीप कुमार दीक्षित, कोषाध्यक्ष तारा प्रसाद खनाल तथा पतंजलि विश्वविद्यालय, हरिद्वार की छात्रा ब्रह्मचारिणी अमृता यादव उपस्थित रहीं। नगर पंचायत अध्यक्ष डॉ. उमाशंकर वैश्य के प्रतिनिधि डॉ. अश्विनी वैश्य, भीमसेन मिश्रा, अजय मिश्रा, विजय सिंह, दिनेश कुमार अग्रवाल, अजीत शुक्ला, ए.के. त्रिपाठी, मुन्ना श्रीवास्तव, बसंत चक्रवर्ती, गोकर्ण सोनी सहित सैकड़ों लोगों ने योगाभ्यास में भाग लिया। वहीं रोडवेज बस स्टेशन रुपईडीहा में सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राम प्रकाश की अगुवाई में आयोजित योग कार्यक्रम में चालक, परिचालक एवं अन्य कर्मचारियों ने सहभागिता की। नेपाल से आईं ब्रह्माकुमारी मोना दीदी एवं ज्योति भाई ने योग और ध्यान का प्रशिक्षण देते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में लोगों ने नियमित योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और पूरे क्षेत्र में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 21, 2026, 08:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रुपईडीहा में भव्य आयोजन, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास #SubahSamachar