औरैया : टायर फटने से रेलिंग पर चढ़कर पलटी तिरपाल लदी पिकअप, चालक व हेल्पर घायल
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शौहरी गढ़िया के पास रविवार को राजस्थान से जालौन जा रही तिरपाल से लदी पिकअप का अगला टायर फट गया। इससे पिकअप अनियंत्रित होकर एक्सप्रेसवे की रेलिंग पर चढ़ गया और घिसटते हुए पलट गया। हादसे के बाद चालक और हेल्पर केबिन के अंदर ही फंसकर घायल हो गए। राजस्थान चुरु जिला अंतर्गत सुजानपुरा निवासी चालक दीपक और उसका हेल्पर जुनेर पिकअप लेकर जा रहे थे। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को केबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस की मदद से चिचौली अस्पताल भिजवाया। हादसे में दोनों को मामूली चोटें आईं। कोतवाली निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि टायर फटने के कारण यह हादसा हुआ था। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार दिला दिया गया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 21, 2026, 19:30 IST
औरैया : टायर फटने से रेलिंग पर चढ़कर पलटी तिरपाल लदी पिकअप, चालक व हेल्पर घायल #SubahSamachar
