अयोध्या के तारुन थाने में समाधान दिवस में आईं 20 शिकायतें, एक भी निस्तारित नहीं

अयोध्या में तारुन थाना परिसर में शुक्रवार को उपजिलाधिकारी श्रेया की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी 20 मामले राजस्व विभाग से जुड़े थे, लेकिन एक भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। अधिकारियों ने सभी फरियादियों की बात सुनकर संबंधित विभागों को शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कल्याणपुर छितौना निवासी रामनयन वर्मा ने उपजिलाधिकारी के समक्ष शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 6 जून को उनकी जमीन की नापी हुई थी। लेखपाल उमेश राणा टीम के साथ सीमा निर्धारित कर खूटा गड़वा दिया था। लेकिन लेखपाल के जाते ही विपक्षी ने खूंटे को उखाड़कर फेंक दिया। इसकी शिकायत तारुन थाने पर की गई थी, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम श्रेया ने कहा कि इस तरह के मामलों में तुरंत मुकदमा दर्ज होना चाहिए, ताकि दबंगों का मनोबल न बढ़े। उन्होंने पुलिस को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। फतेहपुर कमासिन निवासी देवी प्रसाद पांडे समाधान दिवस में पहुंचे। उन्होंने उपजिलाधिकारी को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके चकमार्ग की नापी पूरी हो चुकी है। करीब 30 मीटर पटाई का काम शेष है। एसडीएम ने मौके पर ही बीडीओ को फोन कर सड़क पटाई कराने का निर्देश दिया। किसान ने प्रशासन की त्वरित सुनवाई की सराहना की। समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस व विकास विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि सभी लंबित शिकायतों का निस्तारण समय-सीमा में किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 13, 2026, 15:15 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अयोध्या के तारुन थाने में समाधान दिवस में आईं 20 शिकायतें, एक भी निस्तारित नहीं #SubahSamachar