अयोध्या पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, बोले- केंद्र सरकार ने जीएसटी को बना दिया लूट का रास्ता

शिक्षक दिवस की पूर्व संध्या पर समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल अयोध्या पहुंचे। यहां उन्होंने स्व. मुलायम सिंह यादव शिक्षक सम्मान समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए पाल ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने जीएसटी को लूट का रास्ता बना दिया है। बच्चों की कॉपी, किताब और कलम पर 18 प्रतिशत जीएसटी लगाया गया है, जबकि सोने पर बहुत मामूली टैक्स है। यह व्यवस्था साफ तौर पर बड़े उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए बनाई गई है। सरकार को संविधान के अनुरूप काम करना चाहिए। शोषित व वंचित वर्ग की चिंता करनी चाहिए। बिहार चुनाव पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वोट चोरी और डकैती करने वालों को जनता अब बर्दाश्त नहीं करेगी। अखिलेश यादव 18 हजार मतदाताओं का हलफनामा पहले ही चुनाव आयोग को सौंप चुके हैं, लेकिन उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। बाराबंकी में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी उन्होंने योगी सरकार पर हमला बोला। कहा कि जब जनता अपने अधिकारों की आवाज उठाती है तो सरकार लाठीचार्ज कर उनके मनोबल को तोड़ती है। इस दौरान पूर्व राज्यमंत्री पवन पांडेय के नेतृत्व में सपा कार्यकर्ताओं ने रीडगंज चौराहे पर सपा प्रदेश अध्यक्ष का स्वागत किया। रुदौली विधानसभा क्षेत्र में भेलसर चौराहे पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एहसान मो. अली उर्फ चौधरी शहरयार के नेतृत्व में स्वागत किया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 04, 2025, 18:41 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अयोध्या पहुंचे सपा प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल, बोले- केंद्र सरकार ने जीएसटी को बना दिया लूट का रास्ता #SubahSamachar