चंदौली में पंचायत में सुलझा दंपती का विवाद, साथ रहने का लिया संकल्प;video

चंदौली जिले के बलुआ थाना क्षेत्र के एक दंपती के बीच लंबे समय से चल रहा पारिवारिक विवाद पंचायत के माध्यम से सुलझ गया। रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में दोनों पक्षों की मौजूदगी में हुई पंचायत के बाद पति-पत्नी ने साथ रहने का संकल्प लिया। इस पहल की स्थानीय लोगों के साथ ही बलुआ थाना प्रभारी ने भी सराहना की। सराय रसूलपुर गांव निवासी शिवांगी देवी की शादी रइया गांव निवासी गौतम यादव से हुई थी। दोनों का एक चार वर्षीय बच्चा भी है। पारिवारिक विवाद के चलते मामला थाने तक पहुंच गया था। इसके बाद दोनों पक्षों ने हुदहुदीपुर के प्रधान आशुतोष कुमार सिंह से संपर्क किया। प्रधान की पहल पर बलुआ थाना प्रभारी की सहमति से रामगढ़ स्थित बाबा कीनाराम मठ में पंचायत बुलाई गई। पंचायत में क्षेत्र के कई ग्राम प्रधानों और गणमान्य लोगों की मौजूदगी में करीब आठ घंटे तक दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई। लंबी वार्ता के बाद दोनों पक्ष समझौते पर सहमत हो गए। इसके बाद पति-पत्नी ने बाबा कीनाराम के समक्ष साथ रहने का संकल्प लिया। बलुआ थाना प्रभारी ने न्यायालय और मुकदमेबाजी के बजाय आपसी सहमति से विवाद सुलझाने की पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आपसी संवाद से पारिवारिक विवादों का समाधान होने पर सभी पक्षों का हित होता है। पंचायत में प्रधान प्रतिनिधि रमाकांत यादव, प्रधान नारद यादव, पूर्व प्रधान सूबेदार सिंह, सुरेंद्र मौर्य, मंगल यादव, महादेव राम, मुरहू यादव, श्रवण कुशवाहा, छांगुर यादव, सुमित्रा देवी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 04, 2026, 17:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


चंदौली में पंचायत में सुलझा दंपती का विवाद, साथ रहने का लिया संकल्प;video #SubahSamachar