Doiwala: वार्ता विफल, हड़ताल पर गए नगर पालिका के आउटसोर्स सफाई कर्मी; कूड़ा उठान ठप
संवाद न्यूज़ एजेंसी डोईवाला। नगर पालिका परिषद के कूड़ा उठान कार्य में लगे आउटसोर्स कर्मियों और नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी के बीच शुक्रवार को हुई वार्ता किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंच सकी। लंबे समय तक चली बातचीत के बावजूद कर्मचारियों और पालिका प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद नाराज आउटसोर्स कर्मियों ने कार्य बहिष्कार करते हुए हड़ताल का ऐलान कर दिया और नगर पालिका परिषद परिसर में धरने पर बैठ गए। इससे शहर की कूड़ा उठान व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। कर्मचारियों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांग वेतन में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं किए जाने की है। इसके अलावा वे अपनी अन्य 12 सूत्रीय मांगों को भी तत्काल लागू करने की मांग कर रहे हैं। कर्मचारियों का दावा है कि वे अपनी मांगों का ज्ञापन पहले ही नगर पालिका प्रशासन को सौंप चुके हैं, लेकिन अब तक उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। धरना-प्रदर्शन के दौरान नगर पालिका सभासद संदीप नेगी ने कर्मचारियों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी मांगें पूरी तरह जायज हैं और उनका समाधान निकाला जाना चाहिए। वहीं पूर्व सभासद हिमांशु राणा ने कहा कि कर्मचारियों के संघर्ष में हर स्तर पर उनका साथ दिया जाएगा। युवा नेता सौरभ ने भी नगर पालिका प्रशासन से कर्मचारियों की समस्याओं का शीघ्र समाधान निकालने की अपील की। वार्ता विफल होने के बाद कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। हड़ताल के चलते नगर क्षेत्र में कूड़ा उठान का कार्य बाधित हो गया है, जिससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था पर असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें नगर पालिका प्रशासन और कर्मचारियों के बीच होने वाली अगली वार्ता पर टिकी हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 16:54 IST
Doiwala: वार्ता विफल, हड़ताल पर गए नगर पालिका के आउटसोर्स सफाई कर्मी; कूड़ा उठान ठप #SubahSamachar
