मल्लांवाला में किसानों ने भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते और लैंड पूलिंग नीति के विरोध में निकाली बाइक रैली

मल्लांवाला में देश बचाओ मोर्चा के आह्वान पर किसान मजदूर संघर्ष समिति, पंजाब की ओर से जिला उपायुक्त (डीसी) कार्यालय फिरोजपुर तक मोटरसाइकिल मार्च निकाला गया। मार्च की अगुवाई जिला सचिव गुरमेल सिंह फत्तेहवाला और रणजीत सिंह खच्चरवाला ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और मजदूर शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के प्रस्तावित भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते तथा पंजाब सरकार की लैंड पूलिंग नीति का विरोध किया। किसान नेताओं ने कहा कि यदि अमेरिका से कृषि, पोल्ट्री और दुग्ध उत्पाद बिना शुल्क के भारतीय बाजार में आए तो इसका सबसे अधिक नुकसान देश के किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों और दुकानदारों को होगा। उनका आरोप है कि इससे भारतीय कृषि बाजार प्रभावित होगा और किसानों की आर्थिक स्थिति और खराब हो जाएगी। नेताओं ने पंजाब सरकार से 2026 की लैंड पूलिंग नीति को तुरंत वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यह किसानों को उनकी जमीनों से बेदखल करने वाली नीति है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसान किसी भी कीमत पर अपनी जमीन नहीं देंगे। इसके अलावा बिजली संशोधन बिल वापस लेने, स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगाने और 23 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने की भी मांग उठाई गई। किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र और पंजाब सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो आने वाले समय में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 15, 2026, 18:11 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


मल्लांवाला में किसानों ने भारत-अमेरिका फ्री ट्रेड समझौते और लैंड पूलिंग नीति के विरोध में निकाली बाइक रैली #SubahSamachar