एनडीए में पीटी के दौरान कैडेट अभिनव की मौत से घर में मचा कोहराम
देश सेवा के जज्बे के साथ महाराष्ट्र के पुणे के खड़कवासला स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (एनडीए) में नियमित शारीरिक परीक्षण (पीटी) के दौरान शुक्लागंज के नेहरू नगर निवासी अभिनव बाजपेयी (17) की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। सेना के अधिकारियों से सूचना मिलने के बाद शुक्रवार को ही माता-पिता पुणे के लिए रवाना हो गए हैं। शनिवार को अभिनव के घर पर सांत्वना देने वालों की भीड़ लगी रही। वहीं, अभिनव के घर पहुंचे सेना के अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि रविवार तड़के पार्थिव शरीर लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर सेना के वाहन से पहुंचेगा, वहां से नेहरू नगर स्थित घर लाया जाएगा। नेहरू नगर स्थित घर पर मौजूद अभिनव के चाचा विशाल बाजपेयी ने बताया कि वह कानपुर कैंट स्थित केंद्रीय विद्यालय का छात्र रहा है। इसी साल इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण कर एनडीए ज्वॉइन किया था। एयरफोर्स विंग के अंतर्गत उसे फ्लाइंग लेफ्टिनेंट का पद मिला था। इसकी ट्रेनिंग करने के लिए वह 22 जून को घर से ट्रेनिंग सेंटर के लिए निकला था। ट्रेनिंग 24 जून को शुरू हुई थी। शुक्रवार को सेना के अधिकारियों ने सूचना दी कि अभिनव की पीटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पिता प्रदीप व मां सीमा को पुणे बुला लिया गया है। शनिवार को अकादमी से लांस नायक महेंद्र सिंह व एक अन्य अफसर आए थे, जो परिवार की कुछ जानकारियां अपने साथ ले गए। अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के पार्थिव शरीर लखनऊ के अमौसी हवाई अड्डे पर सेना के वाहन से पहुंचेगा, वहां से नेहरू नगर स्थित घर लाया जाएगा। इसके बाद ससम्मान अभिनव का अंतिम संस्कार किया जाएगा। वहीं, नगर पालिका अध्यक्ष के प्रतिनिधि संदीप पांडेय, भाजपा नेता गोल्डी गुप्ता समेत नगर के कई संभ्रांत लोग घर पहुंचे और परिवार के लोगों को सांत्वना दी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 12, 2026, 18:53 IST
एनडीए में पीटी के दौरान कैडेट अभिनव की मौत से घर में मचा कोहराम #SubahSamachar
