VIDEO: मथुरा में त्योहारों पर सुरक्षा का पहरा, रेलवे स्टेशन पर चलाया सघन तलाशी अभियान
आगामी त्योहारों के मद्देनजर मथुरा जंक्शन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बृहस्पतिवार को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने डॉग स्क्वायड के प्रशिक्षित श्वान मैक्स (डाॅग का नाम है मैक्स) की मदद से सघन तलाशी अभियान चलाया। टीम ने प्लेटफॉर्म से लेकर प्रतीक्षालय, पार्किंग और पार्सल कार्यालय तक जांच की। अभियान के दौरान प्लेटफॉर्म संख्या एक, दो, तीन और आठ पर यात्रियों के सामान की पड़ताल की गई। जनरल और स्लीपर प्रतीक्षालय, सर्कुलेटिंग एरिया, फुट ओवरब्रिज और होल्डिंग एरिया में भी तलाशी ली गई। पार्किंग में खड़े वाहनों की जांच के साथ पार्सल कार्यालय के आसपास भी निगरानी की गई। डाॅग मैक्स ने संदिग्ध वस्तुओं और विस्फोटक सामग्री की संभावित मौजूदगी का पता लगाने के लिए सघन तलाशी की। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त एके वर्मा ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह अभियान चलाया गया है। स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों और लावारिस सामान पर विशेष नजर रखी जा रही है, ताकि किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके। इस दौरान उप निरीक्षक सुजीत सिंह चंदेल, तुलसी प्रसाद सरोज, सूरज मीना, सहायक उप निरीक्षक मदनलाल सहित आरपीएफ और आरपीएसएफ के जवान मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 05, 2026, 15:59 IST
VIDEO: मथुरा में त्योहारों पर सुरक्षा का पहरा, रेलवे स्टेशन पर चलाया सघन तलाशी अभियान #SubahSamachar
