हिसार में बिजली कर्मियों ने बिजली के निजीकरण का विरोध जताया,सड़क पर उतरे, 22 से तीन दिन के लिए हड़ताल पर जाएंगे बिजली कर्मी

प्रदेश में प्राइवेट कंपनी लोगों को बिजली सप्लाई सौंपने के विरोध में बिजली कर्मियों ने दशहरा के दिन सड़क पर उतर कर विरोध जताया।बिजली विनियामक आयोग ने इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को लाइसेंस जारी करने का एलान किया है। जिसमें गुरुग्राम तथा नूंह एरिया की बिजली आपूर्ति निजी कंपनी को सौंपे जाने का फैसला लिया गया है। बिजली कर्मियों ने छोटूराम चौक पर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। मंगलवार को हिसार में बिजली कर्मचारियों ने आर-पार की लड़ाई का एलान कर दिया है। प्रदेशभर में जिला मुख्यालयों और सर्कल कार्यालयों पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री, केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर और एचआरईसी के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। ऑल हरियाणा पावर कॉरपोरेशन वर्कर यूनियन के राज्य प्रधान सुरेश राठी ने कहा कि निजी कंपनी इलेवन पावर को लाइसेंस जारी करना बिजली व्यवस्था के निजीकरण की दिशा में बड़ा कदम है। इसके विरोध में बिजली कर्मचारी, किसान और मजदूर एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार निजीकरण की प्रक्रिया को तेज कर रही है और हरियाणा को प्रयोगशाला बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बिजली वितरण कंपनियों के पास रहने वाले बिजली बेचने के अधिकार अब निजी कंपनी को दिए जा रहे हैं। यूनियन इसका विरोध करेगी, क्योंकि इससे बिजली कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के हित प्रभावित होने की आशंका है। राज्य प्रधान ने बताया कि 21 अक्टूबर को प्रदेश की 300 से अधिक सब डिवीजनों में बिजली कर्मचारी एकत्रित होकर सरकार की ओर से जारी पत्र और लाइसेंस के मसौदे की प्रतियां जलाएंगे। सुरेश राठी ने ऐलान किया कि 22, 23 और 24 अक्टूबर को प्रदेश के बिजली कर्मचारी हड़ताल पर रहेंगे। जब तक सरकार निजी कंपनी इलेवन पावर का लाइसेंस रद्द नहीं करती, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 20, 2026, 13:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


हिसार में बिजली कर्मियों ने बिजली के निजीकरण का विरोध जताया,सड़क पर उतरे, 22 से तीन दिन के लिए हड़ताल पर जाएंगे बिजली कर्मी #SubahSamachar