रोजगार मेला: 14 हजार युवाओं ने लिया भाग, 2415 अभ्यर्थियों का हुआ चयन
बलिया में जिला सेवायोजन कार्यालय की तरफ से शनिवार को टीडी कालेज के मैदान में एक दिवसीय बृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने फीता काटकर रोजगार मेला का शुभारंभ किया। मेले में देश की लगभग 50 प्रतिष्ठित कंपनियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें टाटा मोटर्स, एलएंडटी, अशोक लीलैंड, बंधन बैंक सहित अन्य प्रमुख कंपनियां शामिल रहीं। कंपनियों द्वारा छात्र-छात्राओं का साक्षात्कार लेकर चयन किया गया। रोजगार मेले में जिले व आसपास के क्षेत्रों से लगभग 14,000 युवाओं ने भाग लिया, जिनमें से 2415 अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में सफलता प्राप्त करते हुए चयनित किया गया। मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि इस स्तर का रोजगार मेला जिले में पहली बार आयोजित किया गया है। इससे जिले के युवाओं को रोजगार के लिए अन्य राज्यों में पलायन नहीं करना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह के अनुज धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े रोजगार आयोजनों की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सेना भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें सेना के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इस मौके पर सेवायोजन अधिकारी विकास कुमार आदि मौजूद थे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 11:41 IST
रोजगार मेला: 14 हजार युवाओं ने लिया भाग, 2415 अभ्यर्थियों का हुआ चयन #SubahSamachar
