मंडी: दीपक शर्मा बोले- महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में उतारें

महानता जन्म से नहीं, बल्कि कर्मों से पहचान बनाती है। महर्षि वाल्मीकि के जीवन और शिक्षाओं से प्रेरणा लेकर समाज में समानता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत करना चाहिए। यह बात प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं जिला कुल्लू कांग्रेस प्रभारी दीपक शर्मा ने सोमवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती की पूर्व संध्या पर मंडी में आयोजित समारोहों में कही। दीपक शर्मा अंबेडकर नगर स्थित लव-कुश धर्मसभा कमेटी और दिल्लू राम कंपनी के पास आयोजित वाल्मीकि जयंती समारोहों में शामिल हुए। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धासुमन अर्पित कर उपस्थित लोगों को जयंती की शुभकामनाएं दीं। दीपक शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि केवल रामायण के रचयिता ही नहीं, बल्कि ज्ञान, साधना, समानता और मानवीय मूल्यों के प्रतीक भी हैं। उनकी जीवन यात्रा सिखाती है कि विचारों और कर्मों के माध्यम से व्यक्ति स्वयं में बदलाव लाने के साथ समाज को भी नई दिशा दे सकता है। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाएं सत्य, कर्तव्य, करुणा और सामाजिक समरसता का मार्ग दिखाती हैं। उनके आदर्शों को केवल समारोहों तक सीमित रखने के बजाय दैनिक जीवन और व्यवहार में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। अंबेडकर नगर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान लव-कुश धर्मसभा कमेटी के प्रधान दीपक वैद्य, चेयरमैन अनिल कुमार, सिद्धार्थ, मयंक, शिवम, रवि और कार्तिक सहित कमेटी के सदस्यों ने दीपक शर्मा का स्वागत किया। इस दौरान हरीश सिप्पी, पूर्व पार्षद यशकांत कश्यप, वीरेंद्र कुमार और सोनू भी मौजूद रहे। इसके बाद दीपक शर्मा ने दिल्लू राम कंपनी के पास आयोजित वाल्मीकि सभा के कार्यक्रम में भाग लिया। यहां अंकुश घोष और दीपक मट्टू सहित अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया। दीपक शर्मा ने कहा कि सशक्त समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को सम्मान, शिक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलने चाहिए। समाज को भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, एकता और आपसी सम्मान को मजबूत करना होगा। अंत में उन्होंने दोनों आयोजनों की कमेटियों और उपस्थित लोगों का आभार जताया। साथ ही शिक्षित, समतामूलक और सद्भावपूर्ण समाज के निर्माण का संकल्प लेने का आह्वान किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Oct 26, 2026, 12:34 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


मंडी: दीपक शर्मा बोले- महर्षि वाल्मीकि के आदर्शों को जीवन में उतारें #SubahSamachar