चंदौली के सिरसी में गेहूं की फसल में भीषण आग, VIDEO

चंदौली जिले के सिरसी गांव में शनिवार को अज्ञात कारणों से खेत में खड़ी गेहूं की फसल में अचानक आग लग गई, जिससे करीब साढ़े चार बीघा फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई। आग की इस घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई और किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खेतों से उठती लपटों को देखकर ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग तेजी से फैलती जा रही थी, जिससे स्थिति गंभीर हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अनुपम मिश्रा और लेखपाल रोहित सिंह भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया। एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम सक्रिय हो गई थी और समय रहते आग पर नियंत्रण पा लिया गया। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक आकलन के अनुसार लगभग 4.5 बीघा गेहूं की फसल का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही प्रभावित किसानों को शासन की ओर से मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना के बाद ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि नुकसान का शीघ्र आकलन कर उन्हें जल्द से जल्द उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि उनकी आर्थिक क्षति की भरपाई हो सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 04, 2026, 20:56 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


चंदौली के सिरसी में गेहूं की फसल में भीषण आग, VIDEO #SubahSamachar