पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर के बाहर गोली चलने के बाद विधायक धालीवाल ने की मुलाकात
श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर के बाहर गोली चलने की घटना के बाद आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल उनके घर पहुंचे। उन्होंने ज्ञानी रघबीर सिंह और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। मीडिया से बातचीत में धालीवाल ने कहा कि किसी भी धार्मिक या सामाजिक नेता के घर के बाहर इस तरह गोली चलने की घटना बिल्कुल नहीं होनी चाहिए। पंजाब पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारण और तथ्य सामने आएंगे। धालीवाल ने कहा कि ज्ञानी रघबीर सिंह के साथ उनके केवल सार्वजनिक या राजनीतिक संबंध नहीं हैं, बल्कि व्यक्तिगत रूप से भी उनके साथ गहरी आत्मीयता है। उन्होंने कहा कि जब अजनाला क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनी थी, तब ज्ञानी रघबीर सिंह ने लोगों की मदद में अहम भूमिका निभाई थी। ऐसे में मुश्किल समय में उनके साथ खड़ा होना वह अपना फर्ज समझते हैं। उन्होंने कहा कि ज्ञानी रघबीर सिंह सिख समुदाय की बड़ी शख्सियत हैं और उनसे जुड़ी किसी भी घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। पुलिस जांच में यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 15, 2026, 06:32 IST
पूर्व जत्थेदार ज्ञानी रघबीर सिंह के घर के बाहर गोली चलने के बाद विधायक धालीवाल ने की मुलाकात #SubahSamachar
