अमृतसर में बस स्टैंड पर नई पुलिस चौकी शुरू, यात्रियों की सुरक्षा होगी और मजबूत
अमृतसर में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा यात्रियों को बेहतर सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने शुक्रवार को बस स्टैंड परिसर में नई पुलिस चौकी का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और स्थानीय गणमान्य लोगों की मौजूदगी रही। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि बस स्टैंड शहर के सबसे व्यस्त सार्वजनिक स्थलों में से एक है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में यहां पुलिस चौकी की स्थापना से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने बताया कि नई चौकी के माध्यम से यात्रियों की सुरक्षा, ट्रैफिक प्रबंधन और अपराध नियंत्रण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में सीसीटीवी निगरानी, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच तथा नियमित पुलिस गश्त को और प्रभावी बनाया जाएगा। गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या लावारिस वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। इस मौके पर डीसीपी लॉ एंड ऑर्डर आलम विजय सिंह, एडीसीपी सिटी-3 हरपाल सिंह, एसीपी ईस्ट रविंदर सिंह, जोन-3 के एसएचओ सहित अन्य पुलिस अधिकारी और स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 19, 2026, 11:39 IST
अमृतसर में बस स्टैंड पर नई पुलिस चौकी शुरू, यात्रियों की सुरक्षा होगी और मजबूत #SubahSamachar
