दिल्ली: पहाड़गंज पुलिस ने बैंक लुटेरों के अंतरराज्यीय गैंग का किया खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार

पहाड़गंज थाना पुलिस ने बैंक से पैसे निकालने वालों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय लुटेरों के गैंग का खुलासा किया है। पुलिस ने वारदात के छह घंटे बाद गैंग के चार बदमाशों को सागरपुर स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संभल यूपी निवासी मोहम्मद मुसैद (41), मोहम्मद सईद, मुरादाबाद यूपी निवासी मोहम्मद मारूफ और तंजील अहमद के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से 50 हजार रुपये और एक बाइक बरामद कर ली है। मध्य जिला पुलिस उपायुक्त रोहित राजवीर सिंह ने बताया कि 8 जुलाई को पहाड़गंज थाना पुलिस को लूटपाट की शिकायत मिली। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि वह झंडेवालान स्थित एक बैंक से एक लाख रुपये लेकर निकला था। अनारकली बाजार एक्सटेंशन के पास बाइक सवार एक व्यक्ति और उसके साथियों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने उससे 50 हजार नकद लूट लिए और मौके से भाग गए। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की और फिर बदमाशों के भागने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए सागरपुर इलाके में स्थित एक होटल तक पहुंची। पुलिस ने होटल में छापा मारकर वहां मौजूद चार आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से लूटी गई नकदी और अपराध में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली गई। पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि वह एक अंतर-राज्यीय गैंग के सदस्य हैं, जो बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों को निशाना बनाते थे। वह बैंक के बाहर निकलने वाले ग्राहकों में निगरानी रखते हैं और फिर सुनसान जगह पर वारदात को अंजाम देकर भाग जाते हैं। उनलोगों ने बताया कि वह दिल्ली के अलावा अन्य राज्यों में वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मोहम्मद सईद पर तीन, मोहम्मद मारूफ पर दो, मोहम्मद मुसैद पर तीन और तंजील अहमद एक मामले दर्ज हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर अन्य वारदातों के बारे में जानकारी हासिल कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 10, 2026, 17:20 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


दिल्ली: पहाड़गंज पुलिस ने बैंक लुटेरों के अंतरराज्यीय गैंग का किया खुलासा, चार बदमाश गिरफ्तार #SubahSamachar