हांसी में पानी विवाद पर शहरवासी एकजुट, सोमवार को डीसी के माध्यम से सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन

हांसी में गांव चानौत के पेयजल आंदोलन के बीच एक बार दोबारा अब शहरवासी भी खुलकर सामने आ गए हैं। शहर के लोगों ने एकत्रित होकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और स्पष्ट किया कि वे शहरी पेयजल पाइपलाइन से गांव चैनत को पानी दिए जाने के पक्ष में नहीं हैं। उनका कहना है कि ग्रामीणों को पानी अवश्य मिलना चाहिए, लेकिन शहरी पाइपलाइन में टी कनेक्शन लगाकर नहीं लेने देंगे। शहरवासियों और ग्रामीणों के बीच इस मुद्दे पर मतभेद भी खुलकर सामने आए। शहर के प्रतिनिधियों ने कहा कि सोमवार को उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और चिंताओं से अवगत कराया जाएगा। शहरवासी अनिल चावला ने कहा कि शहरवासियों का पानी उनका अधिकार है और वे किसी भी कीमत पर शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ग्रामीणों को पानी देना चाहती है तो उनके लिए अलग पाइपलाइन की व्यवस्था करे, लेकिन शहरी पाइपलाइन से टी कनेक्शन किसी भी हालत में स्वीकार नहीं किया जाएगा। हांसी नगर परिषद के वाइस चेयरमैन अनिल बंसल ने कहा कि शहर में पहले से ही पानी की आपूर्ति सीमित है। ऐसे में शहरी पाइपलाइन से अतिरिक्त कनेक्शन दिए जाने पर शहर के लोगों को पानी की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने बताया कि सोमवार को उपायुक्त के माध्यम से सरकार को ज्ञापन सौंपा जाएगा और पूरे मामले में निष्पक्ष निर्णय की मांग की जाएगी। उन्होंने दो टूक कहा कि हम अपना पानी लेकर रहेंगे और शहर की जलापूर्ति किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होने देंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 11, 2026, 13:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


हांसी में पानी विवाद पर शहरवासी एकजुट, सोमवार को डीसी के माध्यम से सरकार को सौंपेंगे ज्ञापन #SubahSamachar