VIDEO: सरकारी बसों में मावे की ढुलाई पर निगम सख्त, आगरा-मथुरा मार्ग पर जांच अभियान तेज

परिवहन निगम की सरकारी बसों में आगरा से मथुरा तक मावे की व्यावसायिक ढुलाई का मामला सामने आने के बाद निगम प्रशासन हरकत में आ गया है। अमर उजाला में तीन नवंबर को खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने बसों की जांच का अभियान शुरू करा दिया है। चालक-परिचालकों की मिलीभगत से बसों में व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने की आशंका को देखते हुए निगरानी बढ़ा दी गई है। मथुरा से आगरा, अलीगढ़, जयपुर, अलवर और नोएडा सहित विभिन्न मार्गों पर आने-जाने वाली बसों की जांच के लिए टीमें लगाई गई हैं। अलग-अलग जनपदों के लिए संचालित बसों की तलाशी ली जा रही है। हालांकि, अब तक जांच टीमों को कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक राजेश कुमार यादव ने बताया कि सरकारी बसों में नियम विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। सभी प्रमुख मार्गों पर बसों की जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। कमेटी को मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। खबर प्रकाशित होने के बाद चालक-परिचालकों में भी सतर्कता बढ़ गई है। निगम प्रशासन अब इस बात की पड़ताल में जुटा है कि सरकारी बसों का इस्तेमाल यात्री परिवहन के बजाय व्यावसायिक ढुलाई के लिए तो नहीं किया जा रहा था।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 05, 2026, 15:59 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: सरकारी बसों में मावे की ढुलाई पर निगम सख्त, आगरा-मथुरा मार्ग पर जांच अभियान तेज #SubahSamachar