अयोध्या के रुदौली में आरएसएस का पथ संचलन, कदमताल करते स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत
अयोध्या में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में रविवार को रुद्रावली नगर एवं खंड का भव्य पथ संचलन निकाला गया। नयागंज स्थित ओम हरि आर्य लॉन से शुरू हुए संचलन में पूर्ण गणवेश और हाथों में दंड लेकर कदमताल करते स्वयंसेवकों का अनुशासित स्वरूप आकर्षण का केंद्र रहा। नगर के विभिन्न मार्गों और प्रमुख चौराहों पर नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री चंद्र ने की।कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. अविनाश पांडेय अधिवक्ता ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से समाज में संगठन, अनुशासन, समरसता और राष्ट्रभाव को मजबूत करना है। शाखा के माध्यम से व्यक्ति में सेवा, समर्पण और सामाजिक दायित्व की भावना विकसित होती है। संगठित और जागरूक समाज ही राष्ट्र के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इस दौरान विधायक रामचंद्र यादव नए लुक में नजर आए। उन्होंने रुदौली में हिंदू इंटर कॉलेज के नाम को लेकर आई कठिनाइयों और विभिन्न समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि इस विषय को लेकर कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद प्रयास जारी रहे। उन्होंने समाज में एकजुटता और संगठन की भावना को महत्वपूर्ण बताया। मौके पर नगर संघचालक भीष्म नारायण, नगर कार्यवाह अंगद कुमार, खंड संचालक राजेश कुमार, खंड कार्यवाह संतोष कुमार, विभाग शारीरिक प्रमुख महेंद्र सिंह, सह जिला कार्यवाह संजय, विभाग प्रचारक कृष्ण चंद्र,जिला प्रचारक अजय, नगर प्रचारक अभिषेक,अशोक कसौधन,श्याम बाबू कशौधन, राजकिशोर सिंह,आशीष शर्मा,पंकज शर्मा,कुलदीप सोनकर,आशीष वैश्य,सहित विभिन्न आनुषंगिक संगठनों के पदाधिकारी, प्रतिनिधि और स्वयंसेवक मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 08:50 IST
अयोध्या के रुदौली में आरएसएस का पथ संचलन, कदमताल करते स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर हुआ स्वागत #SubahSamachar
