सीतापुर में बोलेरो ने बाइक को सामने से मारी टक्कर, दो की मौत; दो घायल

यूपी के सीतापुर में सोमवार सुबह एक बोलेरो ने बाइक को सामने से टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। खबर मिली तो घरों में चीख पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीण परेशान परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। हादसा लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के बिसवां मार्ग स्थित सूरजकुंड मंदिर के निकट हुआ। हादसे में क्षेत्र के ही अहिरन पुरवा निवासी अंकुर पुत्र मायाराम (24) और काशीराम पुत्र राम दुलारे (36) की मौत हुई है। बताया गया कि ये दोनों हेलमेट नहीं लगाए थे। वहीं, बाइक को टक्कर मारने के बाद बोलेरो सड़क किनारे पलट गई। इससे सुखमन पुत्र बलजीत (21) निवासी थानगांव और गुरसिमरन पुत्र अवतार सिंह (17) निवासी बच्चे पुरवा सांडा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहां से दोनों को हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 29, 2026, 11:47 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


सीतापुर में बोलेरो ने बाइक को सामने से मारी टक्कर, दो की मौत; दो घायल #SubahSamachar