शानन प्रोजेक्ट: आउटसोर्स कर्मचारियों ने अधिसूचना जारी नहीं होने पर किया प्रदर्शन
जोगिंद्रनगर में 110 मेगावाट शानन प्रोजेक्ट में तैनात आउट सोर्स कर्मचारियों ने मंगलवार को पंजाब सरकार के विरुद्ध नारेबाजी की। कर्मचारियों को नियमित न करने पर रोष जताया। यूनियन के अध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि पंजाब बिजली बोर्ड के पांच पन विद्युत प्रोजेक्टों समेत ग्रिड, स्टोर, थर्मल पॉवर प्लांट, हाईड्रो प्रोजेक्ट में तैनात लगभग 9 हजार आउट सोर्स कर्मचारियों को नियमित करने के वायदे को पंजाब बिजली बोर्ड ने पूरा नहीं किया है। दस साल से अधिक सेवारत कर्मचारियों की इस लंबित मांग को पूरा करने के लिए बीते 24 मई को पंजाब सरकार के बिजली मंत्री तरुण प्रीत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई बैठक में जो निर्णय लिया गया था। वह पूरा नहीं हो पाया है। कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने में पंजाब बिजली बोर्ड ओर सरकार की उदासीनता से शानन प्रोजेक्ट में तैनात 50 से अधिक आउट सोर्स कर्मचारियों में आक्रोश है। इसलिए मंगलवार को धरना प्रदर्शन किया है। कहा कि मांगे पूरी न होने पर प्रोजेक्ट के कामकाज को बंद करने से भी गुरेज नही करेंगे। इधर, शानन प्रोजेक्ट एसइ भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की लंबित मांगों को पूरा करने के लिए पंजाब बिजली बोर्ड और सरकार अपने स्तर पर निर्णय लेगी। वह कर्मचारियों की मांगों को ध्यान में लाने का प्रयास करेंगे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 09, 2026, 19:25 IST
शानन प्रोजेक्ट: आउटसोर्स कर्मचारियों ने अधिसूचना जारी नहीं होने पर किया प्रदर्शन #SubahSamachar
