Udham Singh Nagar: शहीद धाम के लिए बलिदानी देव बहादुर के आंगन से मिट्टी ले गए
शहीद सम्मान यात्रा 2.0 शुरू हो गई है। इसके तहत ग्राम गौरीकलां के शहीद देव बहादुर के घर शुक्रवार को प्रशासनिक अमला पहुंचा। आंगन से शहीद के परिजनों के समक्ष ताम्र कलश में मिट्टी भरी गई। इस दौरान भारत माता की जय के नारे गूंजे। जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी के कर्नल (रि.) चंद्र प्रकाश कोठारी ने बताया कि शनिवार तक शहीद सम्मान यात्रा 2.0 निकलेगी। रविवार को पौड़ी के लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर में शहीद सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में सीएम पुष्कर सिंह धामी शहीद सैनिकों के आश्रितों को ताम्रपत्र प्रदान कर सम्मानित करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के शहीदों के घर-आंगन से ताम्र कलशों में मिट्टी का संग्रहण कर उसे सैन्यधाम स्थापित करना है। बताया कि शहीद देव बहादुर के घर से मिट्टी वर्ष 2021 में नहीं ली गई थी। शनिवार को डीएम कार्यालय से शहीद सैनिकों के घर के आंगन की मिट्टी का फ्लैग ऑफ कर यात्रा पौड़ी गढ़वाल के लैंसडाउन स्थित गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट के लिए रवाना किया जाएगा। वहां पर विधायक तिलकराज बेहड़, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, एसडीएम गौरव पांडे, सीओ भूपेंद्र सिंह धोनी, अनीता देवी, गीता आदि रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 04, 2025, 14:34 IST
Udham Singh Nagar: शहीद धाम के लिए बलिदानी देव बहादुर के आंगन से मिट्टी ले गए #SubahSamachar
