अमेठी में छात्रवृत्ति परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी, जांच के बाद मिला प्रवेश

अमेठी में राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा रविवार सुबह जिले के पांच केंद्रों पर शुरू हो गई। परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही परीक्षार्थियों का पहुंचना शुरू हो गया। हाथों में प्रवेश पत्र और चेहरे पर परीक्षा को लेकर उत्साह लिए छात्र-छात्राएं केंद्रों पर पहुंचे। केंद्रों के मुख्य द्वार पर प्रवेश पत्र की जांच के साथ तलाशी लेने के बाद परीक्षार्थियों को अंदर जाने दिया गया। केंद्रों पर सुरक्षा के भी इंतजाम किए गए थे। निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू करा दी गई। इसमें कुल 1350 अभ्यर्थी शामिल हो रहे हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित की जा रही है। दिव्यांग अभ्यर्थियों को एक घंटे का अतिरिक्त समय दिया गया है। उनके लिए परीक्षा दोपहर दो बजे तक चलेगी। परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए केंद्र व्यवस्थापकों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षार्थियों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन कराया जा रहा है। परीक्षा के लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी, रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज, जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज और राजकीय हाईस्कूल अमेठी को केंद्र बनाया गया है। इनमें राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गौरीगंज में 210, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज अमेठी में 210, रणंजय इंटर कॉलेज गौरीगंज में 310, जवाहर नवोदय विद्यालय गौरीगंज में 410 और राजकीय हाईस्कूल अमेठी में 210 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. राजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर केंद्र व्यवस्थापक नामित किए गए हैं। उन्हें विभागीय निर्देशों का पालन कराने और परीक्षा की सुचिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 01, 2026, 10:05 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


अमेठी में छात्रवृत्ति परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थी, जांच के बाद मिला प्रवेश #SubahSamachar