धौर्रा में 29 मार्च से नहीं खुला रेलवे गेट, आवागमन बाधित, स्कूली बच्चों सहित ग्रामीण परेशान
रेलवे द्वारा धौर्रा रेलवे स्टेशन के गेट संख्या 319 को तीसरी रेल लाइन के कार्य होने के चलते अल्टीमेटम देते हुए 29 एवं 30 मार्च को बंद किया गया था। इसके बाद भी अब तक रेलवे द्वारा यह गेट नहीं खोला जा सका है। इसी वजह से आवागमन यहां से पूरी तरह ठप हो गया है। इससे वाहनों को लंबी दूरी से घूमकर जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। रेलवे गेट के दूसरी ओर अस्पताल है और गंभीर मरीजों को लेकर एंबुलेंस भी नहीं निकल पा रही है, जिसके चलते मरीजों को रेलवे गेट के नीचे से किसी प्रकार निकालकर निजी वाहनों से ले जाने को मजबूर होना पड़ रहा है। वहीं, रेलवे गेट के दूसरी ओर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अलावा अटल आवासीय विद्यालय, राजकीय इंटर कॉलेज, कन्या प्राथमिक विद्यालय के साथ ही मध्य प्रदेश की ओर की जाने वाला एक मात्र मार्ग भी है। इसके चलते विद्यार्थियों व राहगीरों को छह दिन से गेट बंद होने से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय जाने के लिए विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 05, 2026, 06:03 IST
धौर्रा में 29 मार्च से नहीं खुला रेलवे गेट, आवागमन बाधित, स्कूली बच्चों सहित ग्रामीण परेशान #SubahSamachar
