बहादुरगढ़ में राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ
राजकीय महिला महाविद्यालय बहादुरगढ़ में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का मंगलवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या अलका गुलाटी ने दीप प्रज्ज्वलित की। इसके बाद एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशिमा द्वारा प्राचार्या को पौधा भेंटकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। अपने प्रेरणादायक संबोधन में प्राचार्या अलका गुलाटी ने स्वयंसेविकाओं को समाज सेवा, अनुशासन एवं जिम्मेदारी का महत्व बताते हुए कहा कि एनएसएस युवाओं में नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जागरूकता विकसित करता है। उन्होंने स्वयंसेविकाओं से शिविर के प्रत्येक दिन को सेवा भावना के साथ पूर्ण निष्ठा से निभाने का आह्वान किया। एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आशिमा ने शिविर के उद्देश्यों एवं आगामी सात दिनों की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि यह शिविर छात्राओं को सामाजिक समस्याओं से जोड़कर उनके समाधान की दिशा में कार्य करने के लिए प्रेरित करेगा। कार्यक्रम के दौरान एनएसएस गीत प्रस्तुत किया गया। स्वयंसेविकाओं द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक नृत्य कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। एनएसएस स्वयंसेविका रिया ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। इसके उपरांत सभी स्वयंसेविकाओं ने एनएसएस प्रतिज्ञा ली। प्रथम सत्र में सड़क सुरक्षा विषय पर उप निरीक्षक सत्यप्रकाश द्वारा ज्ञानवर्धक व्याख्यान दिया गया। वहीं डॉ. शीतल द्वारा पासिंग द क्लैप आइस ब्रेकिंग गतिविधि आयोजित की गई।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 03, 2026, 12:36 IST
बहादुरगढ़ में राजकीय महिला महाविद्यालय में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ #SubahSamachar
