जगरांव में चलती ट्रॉली से मूंगी चोरी करते दो युवक काबू, लोगों ने की जमकर पिटाई
जगरांव के शेरपुरा चौक के नजदीक शुक्रवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब चलती ट्रॉली से मूंगी चोरी करने की कोशिश कर रहे बाइक सवार दो युवकों को लोगों ने रंगे हाथों काबू कर लिया। गुस्साए लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को सूचना दी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मूंगी की फसल का सीजन होने के कारण रोजाना बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए एशिया की दूसरी सबसे बड़ी अनाज मंडी जगराओं पहुंच रहे हैं। इसी दौरान कुछ शातिर चोर किसानों को निशाना बनाकर उनकी ट्रॉलियों से मूंगी चोरी कर रहे हैं। जानकारी के अनुसार भिंडर कलां का एक किसान अपनी मूंगी से भरी ट्रॉली लेकर मंडी की ओर जा रहा था। जैसे ही वह शेरपुरा चौक के पास पहुंचा और ट्रॉली की रफ्तार धीमी हुई, पीछे से आ रहे बाइक सवार दो युवकों ने मौका देखकर ट्रॉली को निशाना बना लिया। आरोप है कि एक युवक चलती ट्रॉली पर चढ़ गया और बोरी में मूंगी भरने लगा। पीछे आ रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ गई। जैसे ही युवक भरी हुई बोरी लेकर नीचे उतरा, लोगों ने उसे और उसके साथी को पकड़ लिया। इसके बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोनों की जमकर पिटाई कर दी। लोगों द्वारा पूछताछ के दौरान एक युवक ने खुद को मिस्त्री और दूसरे ने मजदूर बताया। हालांकि स्थानीय लोगों का आरोप है कि दोनों ट्रॉलियों से मूंगी चोरी करने के इरादे से आए थे। घटना के बाद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। इस मामले को लेकर किसानों और स्थानीय लोगों में काफी रोष देखने को मिला। लोगों का कहना है कि मूंगी के सीजन के दौरान मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर सक्रिय हो जाते हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मंडी क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और किसानों की फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 12, 2026, 12:25 IST
जगरांव में चलती ट्रॉली से मूंगी चोरी करते दो युवक काबू, लोगों ने की जमकर पिटाई #SubahSamachar
