Una: चिंतपूर्णी में उमड़ा आस्था का सैलाब, रविवार को 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन

विश्व विख्यात शक्तिपीठ माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में रविवार को श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ा। सुबह मंदिर के कपाट खुलते ही भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और दिन चढ़ने के साथ ही श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती चली गई। मंदिर प्रशासन के अनुसार रविवार को करीब 15 हजार श्रद्धालुओं ने माता रानी के दरबार में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। दोपहर बाद श्रद्धालुओं की भीड़ इतनी बढ़ गई कि दर्शन के लिए लगी कतारें पुराने बस स्टैंड से भी आगे तक पहुंच गईं। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मी लगातार व्यवस्था बनाए रखने में जुटे रहे। मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर के आदेशों के बाद सुरक्षा कर्मियों ने लाइन व्यवस्था को सुचारु रूप से चलाए रखा, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। होमगार्ड के इंचार्ज सरदार पूर्ण सिंह पुराने बस स्टैंड के पास अन्य सुरक्षा कर्मियों के साथ मिलकर श्रद्धालुओं की कतारों को व्यवस्थित करते नजर आए। वहीं मंदिर परिसर में तैनात पूर्व सैनिकों ने भी भीड़ को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाई। सुरक्षा कर्मियों और मंदिर प्रशासन की बेहतर व्यवस्था के चलते श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित तरीके से माता रानी के दर्शन करने का अवसर मिला और पूरा दिन मंदिर परिसर जय माता दी के जयकारों से गूंजता रहा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 19, 2026, 13:52 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Una: चिंतपूर्णी में उमड़ा आस्था का सैलाब, रविवार को 15 हजार श्रद्धालुओं ने किए माता रानी के दर्शन #SubahSamachar