VIDEO: टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, 30 लाख का नुकसान

जगदीशपुर के महमदपुर कस्बे में रविवार तड़के टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से करीब 30 लाख रुपये का नुकसान हो गया। आग ने कुछ ही देर में पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। महमदपुर कस्बे में कपूरीपुर गांव निवासी माशूक अली का टेंट हाउस का गोदाम है। रविवार सुबह करीब चार बजे गोदाम से धुआं और आग की तेज लपटें उठती देख सुबह टहलने निकले लोगों ने दुकानदार माशूक अली को सूचना दी। इसके बाद पुलिस और अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब एक घंटे तक लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम में रखा टेंट, कुर्सियां, साउंड सिस्टम, सजावटी सामग्री और अन्य उपकरण जल चुके थे। समय रहते आग पर काबू पाने से आसपास की दुकानों और मकानों तक आग नहीं फैल सकी। दुकानदार माशूक अली ने बताया कि आग से 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आकलन में करीब 30 लाख रुपये की क्षति सामने आई है। जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पीड़ित की ओर से अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सुबह टहलने निकले लोगों ने दी सूचना गोदाम से धुआं और आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोगों ने तत्काल दुकानदार और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और समय रहते आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोक लिया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 13, 2026, 04:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: टेंट हाउस के गोदाम में लगी भीषण आग, 30 लाख का नुकसान #SubahSamachar