Video: ग्रेटर नोएडा में डांसर का हाई वोल्टेज ड्रामा, फोटो खींचने पर भड़की डिंपल चौधरी; बीच सड़क हुई गाली-गलौज
ग्रेटर नोएडा में हरियाणा की डांसर डिंपल चौधरी का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। यह वीडियो ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा वन की कॉमर्शियल बेल्ट का बताया जा रहा है। वीडियो में हरियाणवी डांसर दो युवकों के साथ जमकर गाली गलौज और अभद्र भाषा का प्रयोग करती नजर आ रही है। इस दौरान वहां लोगों की भीड़ भी जमा है। हाई वोल्टेज ड्रामा फोटो खींचने को लेकर हुआ। डांसर वीडियो में कह रही है कि मना करने के बाद भी फोटो क्यों खींची। वहीं बीटा 2 कोतवाली पुलिस का कहना है कि इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो करीब दो मिनट का है। यह एक इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, घटना दो से तीन दिन पुरानी है और शाम के समय की है। वीडियो में हरियाणवी डांसर डिंपल चौधरी के साथ एक और युवती भी दिखाई दे रही है। दोनों की दो युवकों से तीखी बहस हो रही है। आसपास बच्चों समेत लोगों की भीड़ जमा है। वीडियो में डांसर डिंपल चौधरी फोटो खींचने का विरोध करते हुए कह रही है कि जब मना किया है तो फिर फोटो क्यों खींच रहे हो। वहीं दोनों युवक केवल फोटो खींचने की बात कह रहे हैं। इसी बात पर विवाद बढ़ गया। वीडियो में डांसर जमकर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली गलौज करती नजर आ रही है, जिससे विवाद और बढ़ गया। तीखी नोकझोंक के साथ हल्की धक्का मुक्की भी हुई। करीब पांच मिनट तक यह ड्रामा चलता रहा। काफी बदसलूकी झेलने के बाद दोनों युवक वहां से चले गए। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग डांसर डिंपल चौधरी की अभद्र भाषा को लेकर अलग अलग वीडियो बनाकर भी पोस्ट कर रहे हैं। वहीं बीटा 2 कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार का कहना है कि इस तरह की घटना की कोई जानकारी नहीं है। किसी भी पक्ष ने कोतवाली में शिकायत नहीं दी है। यदि किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। यह वीडियो भी अभी पुलिस के संज्ञान में नहीं आया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 18, 2026, 18:25 IST
Video: ग्रेटर नोएडा में डांसर का हाई वोल्टेज ड्रामा, फोटो खींचने पर भड़की डिंपल चौधरी; बीच सड़क हुई गाली-गलौज #CityStates #Noida #SubahSamachar
