Prayagraj : मासूम बेटी को गोद में लेकर जा रही महिला को कार ने मारी टक्कर, मौत

अल्लापुर में अनियंत्रित कार ने मां-बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मां मनीता भारतीया (28) पर कार का पहिया चढ़ गया, जिससे उनकी मौत हो गई। वहीं, उनकी चार वर्षीय बेटी बाल-बाल बच गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और लोगों ने आरोपी चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए चक्का जाम कर दिया। इससे करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। जॉर्ज टाउन पुलिस ने परिजनों को आश्वासन देकर किसी तरह से मामला शांत कराया। अल्लापुर के हादीगंज में मनीता भारतीया अपने पति रोहित भारतीया और बेटी के साथ रहती थीं। वह घरेलू कार्य करती थीं। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे वह बेटी लाडो को लेकर काम पर जा रही थीं। खजूर लाइन अप्पा सिंह गली के पास पहुंचीं तो पीछे से आ रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। घटना में लाडो छिटककर दूर जा गिरी, जबकि मनीता के ऊपर कार का पहिया चढ़ गया। घटना के बाद आरोपी चालक कार लेकर मौके से भाग निकला। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने पुलिस से आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इस दौरान गुस्साए परिजनों व रिश्तेदारों ने चक्का जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि कार मालिक को मौके पर बुलाया जाए और परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाए। पुलिस ने सास उर्मिला देवी की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। जॉर्ज टाउन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह ने बताया कि हादसे में महिला की मौत हुई है, पोस्टमार्टम के बाद लोगों ने चक्काजाम किया था, लेकिन उन्हें समझाकर मामले को शांत करा दिया गया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 07, 2026, 13:30 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Prayagraj : मासूम बेटी को गोद में लेकर जा रही महिला को कार ने मारी टक्कर, मौत #CityStates #Prayagraj #AccidentInPrayagraj #CrimeNews #AllapurPrayagraj #SubahSamachar