World Updates: पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमला, पुलिसकर्मी की हुई हत्या; ट्रंप ने बढ़ाई वेनेजुएला की घेराबंदी
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में पोलियो टीकाकरण अभियान से जुड़े सुरक्षा कर्मियों पर एक और घातक हमला सामने आया है। मंगलवार को लक्की मरवत जिले के छवार खेल इलाके में अज्ञात बंदूकधारियों ने मोटरसाइकिल से आकर एक पुलिस कांस्टेबल और उसके भाई की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार, कांस्टेबल पोलियो टीकाकरण टीम के साथ ड्यूटी पूरी करने के बाद अपने भाई के साथ गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में हमलावरों ने फायरिंग कर दी। इस हमले में कांस्टेबल अमीर नवाज और उसके भाई अमीर मोहम्मद की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों पूर्व जिला पार्षद अली गुल के भाई बताए गए हैं। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और पूरे इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय अस्पताल ले जाया गया। शाम को दोनों मृतकों की जनाजे की नमाज अदा की गई, जिसमें जिला पुलिस अधिकारी नजीर खान, डिप्टी कमिश्नर हमीदुल्लाह खान, एसपी जांच मुराद अली खान समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इससे पहले इसी दिन बाजौर जिले में भी पोलियो ड्यूटी पर तैनात एक अन्य पुलिस कांस्टेबल और एक राहगीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लगातार हो रहे इन हमलों ने पाकिस्तान में पोलियो टीकाकरण अभियान की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता खड़ी कर दी है। ट्रंप ने बढ़ाई वेनेजुएला की घेराबंदी अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने वेनेजुएला के खिलाफ बड़ा कदम उठाते हुए सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों की वहां एंट्री पर नाकेबंदी का आदेश दिया है। इस फैसले से वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर दबाव और तेज हो गया है। ट्रंप का यह आदेश ऐसे समय आया है, जब पिछले सप्ताह अमेरिकी बलों ने वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया था और इलाके में अमेरिकी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई गई थी। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि वेनेजुएला तेल का इस्तेमाल मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अपराधों के लिए कर रहा है। उन्होंने साफ किया कि सैन्य दबाव और बढ़ाया जाएगा। ट्रंप ने दावा किया कि दक्षिण अमेरिका के इतिहास में अब तक की सबसे बड़ी नौसैनिक तैनाती के जरिए वेनेजुएला को चारों तरफ से घेर लिया गया है। इस सैन्य अभियान के तहत कैरेबियाई सागर और पूर्वी प्रशांत महासागर के अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में कई नौकाओं पर हमले किए गए हैं। अब तक 25 ज्ञात हमलों में कम से कम 95 लोगों की मौत हो चुकी है। हालांकि, ट्रंप प्रशासन का कहना है कि यह अभियान अमेरिका में ड्रग्स की तस्करी रोकने में सफल रहा है। वहीं, व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स ने संकेत दिया है कि यह कार्रवाई मादुरो को सत्ता से हटाने की रणनीति का भी हिस्सा है। अमेरिका में इस अभियान को लेकर राजनीतिक बहस भी तेज हो गई है। गाजा में मूसलाधार बारिश जारी, विस्थापित परिवारों पर टूटा कहर गाजा में कई दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए हैं। भारी बारिश से विस्थापितों के शिविर जलमग्न हो गए, पहले से क्षतिग्रस्त इमारतें ढह गईं और कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो सप्ताह का एक नवजात भी शामिल है, जिसकी ठंड लगने से मौत हुई। गाजा स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बच्चे को कुछ दिन पहले अस्पताल लाया गया था और आईसीयू में भर्ती किया गया, लेकिन सोमवार को उसकी मौत हो गई। गाजा सिटी में एक और व्यक्ति की जान तब चली गई, जब बारिश के कारण इस्रराइली हमलों में क्षतिग्रस्त एक घर गिर गया। बीते एक हफ्ते में कुछ इलाकों में 150 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश दर्ज की गई, जिससे कच्चे रास्ते कीचड़ में बदल गए और तंबुओं में पानी भर गया। आपातकर्मियों ने लोगों से क्षतिग्रस्त इमारतों से दूर रहने की अपील की है, लेकिन गाजा में सुरक्षित ठिकानों की भारी कमी है। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार लगभग 80 प्रतिशत इमारतें नष्ट या क्षतिग्रस्त हैं। दो महीने से जारी युद्धविराम के बावजूद राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रही है। अधिकतर लोग समुद्र तट के पास तंबुओं में या टूटी इमारतों के बीच रह रहे हैं, जहां जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। इस्रराइली एजेंसी कोगाट ने दावा किया कि लाखों टेंट और सर्दियों का सामान भेजा गया है, लेकिन राहत संगठनों का कहना है कि जरूरत के मुकाबले मदद बहुत कम है और ठंड से बचाव के साधन बेहद अपर्याप्त हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 17, 2025, 03:35 IST
World Updates: पाकिस्तान में पोलियो टीम पर हमला, पुलिसकर्मी की हुई हत्या; ट्रंप ने बढ़ाई वेनेजुएला की घेराबंदी #World #SubahSamachar
