Kangra News: दौड़ लगाकर युवाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश
लंबागांव (कांगड़ा)। नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने और युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से सोमवार को जयसिंहपुर में एंटी-चिट्टा मैराथन का आयोजन किया गया।आशापुरी स्पोर्ट्स क्लब जयसिंहपुर ने पुलिस थाना लंबागांव के सहयोग से सात किलोमीटर लंबी मैराथन करवाई। डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। मैराथन में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लेकर नशामुक्त समाज का संदेश दिया।मैराथन की लड़कों की श्रेणी में कुहन गांव के अभय ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि कोठी गांव के जतिन दूसरे स्थान पर रहे। लड़कियों की श्रेणी में सिमस की कृतिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। मैला की साक्षी दूसरे और जयसिंहपुर की स्मृति तीसरे स्थान पर रहीं। डीएसपी संदीप शर्मा और तहसीलदार ललित ठाकुर ने विजेता प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया।युवाओं को संबोधित करते हुए डीएसपी संदीप शर्मा ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों और रचनात्मक गतिविधियों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। चिट्टे जैसी सामाजिक बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस के प्रयासों के साथ समाज और युवाओं की सक्रिय भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने का आह्वान किया। मैराथन के माध्यम से प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेने का संदेश दिया। इस अवसर पर जयसिंहपुर के प्रधान नरेंद्र कथानिया, डीएसपी संदीप शर्मा, लंबागांव थाना प्रभारी रमेश शर्मा, एएसआई अनिल, आशापुरी स्पोर्ट्स क्लब के पदाधिकारी और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 27, 2026, 01:38 IST
Kangra News: दौड़ लगाकर युवाओं ने दिया नशामुक्ति का संदेश #YouthSpreadTheMessageOfDe-addictionThroughARun #SubahSamachar
