Zimbabwe Accident: जिम्बाब्वे में स्कूली बच्चों से भरी मिनीबस में लगी आग, 24 में से सात बच्चों की दर्दनाक मौत
अफ्रीकी देश जिम्बाब्वे में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। बुधवार दोपहर ग्वेरू शहर में स्कूली बच्चों से भरी एक मिनीबस में अचानक आग लग गई, जिसमें 7 बच्चों की मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे में वाहन में कुल 24 बच्चे सवार थे। स्थानीय पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मिनीबस में रखा पेट्रोल से भरा जरीकेन आग लगने की वजह बना। आग लगते ही मचा हड़कंप प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग इतनी तेजी से फैली कि बच्चों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। कुछ बच्चे किसी तरह वाहन से बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई अंदर ही फंस गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मिनीबस का चालक और कंडक्टर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंची राहत टीम घटना की जानकारी मिलते ही दमकल विभाग और राहत टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया। राज्य प्रसारक ZBC न्यूज ने घटना स्थल की तस्वीरें जारी की हैं, जिनमें जली हुई मिनीबस दिखाई दे रही है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है, लेकिन शुरुआती जांच में यह संकेत मिला है कि वाहन के अंदर रखा पेट्रोल से भरा कंटेनर आग का कारण हो सकता है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। स्कूल परिवहन व्यवस्था पर सवाल जिम्बाब्वे में निजी मिनीबस और अनियमित टैक्सी सेवाएं अक्सर स्कूल बच्चों के परिवहन के लिए उपयोग की जाती हैं। इस घटना ने एक बार फिर देश की स्कूल परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे जिम्बाब्वे में इससे पहले भी ओवरलोडेड वाहनों को लेकर कई बार चिंता जताई गई है। कुछ महीने पहले ही एक मंत्री ने 42 बच्चों से भरी मिनीबस को रोका था, जबकि उसकी कानूनी क्षमता केवल 15 यात्रियों की थी। अफ्रीकी देशों में सड़क दुर्घटनाएं एक गंभीर समस्या बनी हुई हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, हर साल यहां लाखों लोग सड़क हादसों में अपनी जान गंवाते हैं। इसका मुख्य कारण तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और लापरवाही माना जाता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 02:47 IST
Zimbabwe Accident: जिम्बाब्वे में स्कूली बच्चों से भरी मिनीबस में लगी आग, 24 में से सात बच्चों की दर्दनाक मौत #World #International #ZimbabweAccident #SubahSamachar
