बंगलूरू हत्याकांड: पत्नी समेत सात लोगों की हत्या, सिलबट्टे से दिया वारदात को अंजाम; कैब ड्राइवर हिरासत में

कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में एक कथित सामूहिक हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। 45 वर्षीय कैब ड्राइवर शेखर उर्फ इंदुशेखर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी समेत परिवार के सात सदस्यों की हत्या करने का दावा किया है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। नॉर्थ बेंगलुरु के डीसीपी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लिया गया है। उसने सात लोगों की हत्या करने की बात कही है। पुलिस ने मामला अपने हाथ में लेकर आरोपी के दावे और घटनाक्रम से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि शुरू कर दी है। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक, आरोपी ने वैवाहिक विवाद और पत्नी के परिवार की कथित दखलंदाजी से नाराज होकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी शेखर उर्फ इंदुशेखर ने कथित तौर पर दो दिनों के भीतर अपने राजाजीनगर स्थित घर में एक-एक कर सात लोगों को बुलाया और सिलबट्टे के पत्थर से उनकी हत्या कर दी। इसके बाद कुछ शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने का भी आरोप है। पत्नी समेत परिवार के सात लोग बने निशाना इस हत्याकांड में जान गंवाने वालों की पहचान आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर, परिवार की बहुएं दिव्या और नलिनी तथा सात वर्षीय पुनीत के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने कथित तौर पर इन सभी लोगों को अलग-अलग समय पर अपने घर बुलाया था। इसके बाद उनकी हत्या कर दी। इस घटना में एक सात साल के मासूम बच्चे की भी जान चली गई। बच्चे का शव चिक्कबल्लापुर जिले में नंदी हिल्स के पास बरामद हुआ है। 20 साल पहले हुई थी शादी, लंबे समय से चल रहा था विवाद प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। हालांकि, पिछले कुछ समय से दोनों के बीच वैवाहिक संबंधों को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि जब भी पति-पत्नी के बीच झगड़ा होता था, सुनीता के परिवार के लोग हस्तक्षेप करते थे और उसका समर्थन करते थे। पुलिस को शक है कि शेखर इस बात से नाराज था। उसे लगता था कि पत्नी के परिवार वाले उसकी शादीशुदा जिंदगी में दखल दे रहे हैं। इसी नाराजगी के चलते उसने कथित तौर पर पत्नी के परिवार को निशाना बनाने की साजिश रची। हालांकि, हत्या के पीछे की पूरी वजह और घटनाओं का क्रम पुलिस की जांच में स्पष्ट होगा। पार्टी के बहाने पत्नी के भइयों को घर बुलाया, फिर कर दी हत्या पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी ने अपने साले शिवकुमार और शंकर को घर पर पार्टी देने के बहाने बुलाया था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने दोनों की हत्या कर दी। इसी तरह उसने अपनी सास रूपावती और परिवार की अन्य महिलाओं को भी निशाना बनाया। जांचकर्ताओं का मानना है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की हत्या की और इसके बाद परिवार के अन्य सदस्यों को निशाना बनाया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि सभी हत्याएं किस समय और किस क्रम में हुईं। नलिनी के लापता होने से खुला सात हत्याओं का राज इस पूरे मामले का खुलासा नलिनी के लापता होने के बाद हुआ। नलिनी की मां ने जब काफी समय तक उसका कोई पता नहीं चला तो उन्होंने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और पूछताछ के दौरान शेखर पर संदेह गहराने लगा। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान पुलिस को कथित तौर पर कई हत्याओं में उसकी भूमिका के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद इस मामले ने सामूहिक हत्याकांड का रूप ले लिया। नंदी हिल्स के पास मिला सात साल के बच्चे का शव पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुछ शवों को अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की थी। सात वर्षीय पुनीत का शव चिक्कबल्लापुर जिले में नंदी हिल्स के पास मिला है। पुलिस बाकी शवों को लेकर भी जानकारी जुटा रही है और उन स्थानों की पहचान करने की कोशिश कर रही है, जहां उन्हें ठिकाने लगाया गया हो सकता है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 06, 2026, 07:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बंगलूरू हत्याकांड: पत्नी समेत सात लोगों की हत्या, सिलबट्टे से दिया वारदात को अंजाम; कैब ड्राइवर हिरासत में #IndiaNews #National #Karnataka #SubahSamachar