रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, आठ से अधिक घायल; अस्पताल में भर्ती
यूपी के रायबरेली में रविवार को गंगा एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में आठ से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें यूपीडा की एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां उपचार चल रहा है। हादसा लालगंज क्षेत्र में ऐहार के निकट किमी संख्या 486 पर हुआ। बताया गया कि पश्चिम बंगाल के रहने वाले 26 श्रद्धालु बस से मथुरा वृंदावन में दर्शन के बाद काशी विश्वनाथ, वाराणसी जा रहे थे। तड़के ऐहार टोल प्लाजा के निकट बस अचानक अनियंत्रित हो गई। हादसे के वक्त अधिकांश यात्री नींद में थे। पलटने के बाद करीब 100 मीटर तक सड़क पर घिसटती हुई बस डिवाइडर से जा टकराई। हादसे से यात्रियों में चीख पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची यूपीडा की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य करते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। सीओ सुजीत कुमार राय ने सीएचसी पहुंचकर घायलों का हाल चाल जाना और उनके उपचार की जानकारी ली।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 01, 2026, 05:30 IST
रायबरेली: गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, आठ से अधिक घायल; अस्पताल में भर्ती #CityStates #Raebareli #Lucknow #UttarPradesh #RaebareliPolice #SubahSamachar
