विपक्ष नहीं, मुस्लिम लीग जैसी पार्टी बनकर रह गई कांग्रेस : डॉ. सुधांशु

धर्मशाला। भाजपा के राष्ट्रीय वरिष्ठ प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि आज कांग्रेस विपक्ष नहीं बल्कि मुस्लिम लीग जैसी पार्टी बनकर रह गई है। सोमवार को धर्मशाला में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी को सलाह दी कि वे आरोप लगाना छोड़कर काम करके दिखाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी मूल विचारधारा से भटक चुकी है और अब उस पर मुस्लिम लीग और माओवादी सोच का प्रभाव हावी हो गया है। कांग्रेस ने असम की 99 सीटों में से 19 पर जीत हासिल की, जिनमें जीतने वाले 18 मुस्लिम उम्मीदवार हैं। वहीं, बंगाल में 292 सीटों में से केवल दो सीटें कांग्रेस के खाते में आईं और वहां भी जीतने वाले दोनों ही मुस्लिम हैं।त्रिवेदी ने प्रदेश सरकार को घेरते हुए कहा कि हिमाचल में मौजूदा समय में कानून-व्यवस्था एक बड़ी चुनौती बन गई है। शिमला में सांप्रदायिकता के नाम पर अनाधिकृत मस्जिद का निर्माण कर दिया गया। प्रदेश की कांग्रेस सरकार आज भी मुख्यमंत्री सुक्खू और पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह के गुटों में बंटी हुई है। पूर्व की भाजपा सरकार के समय राज्य पर 29,000 करोड़ रुपये का कर्ज था, जबकि अब खुद मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने बताया है कि यह कर्ज एक लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है।सांसद ने कहा कि विपक्ष का लक्ष्य अराजकता में आशा देखना है। जब रूस-यूक्रेन का युद्ध चल रहा था तो विपक्ष ने कहा कि रूस के खिलाफ वोटिंग करें, जबकि भारत में अधिकतर तेल, हथियार और ब्रह्मोस मिसाइल रूस से आती है। इस्राइल-गाजा युद्ध के दौरान विपक्ष ने कहा कि इस्राइल के खिलाफ जाएं, जहां से हमारे साइबर और सुरक्षा उपकरण आते हैं। डॉ. सुधांशु ने कहा कि अमेरिका-ईरान विवाद के दौरान भी विपक्ष ने कहा कि भारत खुले रूप से अमेरिका का विरोध करे, जबकि आज तक अमेरिका ने देश के प्रधानमंत्री पर कोई टिप्पणी नहीं की है। वर्तमान में अमेरिका और भारत के बीच 135 बिलियन का व्यापार होता है और भारत को अमेरिका से साढ़े चार लाख रुपये (साढ़े चार लाख करोड़) का लाभ आ रहा है।पेट्रोलियम निर्यात को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में त्रिवेदी ने कहा कि मौजूदा समय में पेट्रोलियम के आयात-निर्यात को लेकर 45 देशों से बात चल रही है। 26-27 देशों के साथ व्यापार हो रहा है। केंद्र सरकार प्रयास कर रही है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए केवल मिडल ईस्ट (मध्य पूर्व) के देशों पर ही निर्भर न रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 15, 2026, 18:01 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




विपक्ष नहीं, मुस्लिम लीग जैसी पार्टी बनकर रह गई कांग्रेस : डॉ. सुधांशु #KangraNews #TodayKangraNews #KangraHindiNews # #SubahSamachar