Una News: 75 से कम छात्रों वाले कॉलेज बंद करने के फैसले का स्वागत, चिंतपूर्णी कॉलेज को मिली राहत

भरवाईं (ऊना)। प्रदेश सरकार द्वारा 75 से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों को बंद करने के नए फैसले का हिमाचल प्रदेश ब्राह्मण सभा के संगठन सचिव महेश कुमार पराशर ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी को बड़ी राहत मिली है। महेश पाराशर ने बताया कि इससे पहले प्रदेश सरकार ने 100 से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों को बंद करने के आदेश जारी किए थे, जिसमें राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी का नाम भी शामिल था। इस फैसले को लेकर स्थानीय जनता में काफी रोष देखने को मिला था और लोगों ने इसका विरोध भी किया था। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समक्ष भी उठाया गया था। उस दौरान डिप्टी सीएम ने आश्वासन दिया था कि चिंतपूर्णी कॉलेज को बंद नहीं किया जाएगा। वहीं चिंतपूर्णी के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने भी मुख्यमंत्री से कॉलेज को बंद न करने की मांग उठाई थी। अब सरकार द्वारा 75 से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों को बंद करने का नया आदेश जारी होने के बाद कॉलेज प्रबंधन और क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। वर्तमान समय में राजकीय महाविद्यालय चिंतपूर्णी में 91 छात्र शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। महेश पराशर और कॉलेज प्रबंधन ने इस फैसले के लिए प्रदेश सरकार का धन्यवाद किया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 07, 2026, 23:57 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: 75 से कम छात्रों वाले कॉलेज बंद करने के फैसले का स्वागत, चिंतपूर्णी कॉलेज को मिली राहत #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar