Una News: चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों को पूरी सुविधाएं देने की उठाई मांग

दौलतपुर चौक/पंडोगा (ऊना)।हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ जिला ऊना ने चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों को पूरी सुविधाएं देने की मांग उठाई है। साथ ही 13 अप्रैल को लोकल अवकाश घोषित करने की मांग की है। इस संबंध में शुक्रवार को संघ ने जिला अध्यक्ष शशि सैनी एवं महासचिव संजीव कुमार की अगुवाई में एडीसी ऊना महेंद्र पाल गुर्जर के माध्यम से उपायुक्त ऊना जतिन लाल को ज्ञापन भेजा। संघ ने कहा कि ड्यूटी के दौरान शिक्षकों को समुचित सुविधाएं प्रदान की जाएं और बैसाखी के पावन त्योहार के दृष्टिगत जिला ऊना के स्कूलों में लोकल अवकाश घोषित की जाए। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है और शिक्षक वर्ग हमेशा पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाता आया है। इसके लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं प्रदान करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने मांग की कि जिन भी प्रवक्ताओं और अध्यापकों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया जाएगा, उन्हें परिवहन, भोजन, ठहरने और सुरक्षा जैसी सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। संघ ने पिछले चुनावों में पेश आई परेशानियों को भी दोहराया।प्रवक्ता संघ ने ज्ञापन में गत लोकसभा चुनाव और विधानसभा उपचुनाव के दौरान शिक्षकों को आई दिक्कतों का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर ड्यूटी के बाद शिक्षकों के लिए परिवहन की व्यवस्था नहीं थी, जिससे उन्हें देर रात तक इंतजार करना पड़ा। इसके अलावा, भोजन और ठहरने की उचित व्यवस्था के अभाव में भी कुछ शिक्षकों को परेशानियों से गुजरना पड़ा। संघ ने प्रशासन को अवगत करवाया कि देर रात चुनाव सामग्री जमा करवाने के बाद भी कर्मचारियों के सुरक्षित वापसी के लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई थी, जिससे मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ा। एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया है कि प्रशासन इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 11, 2026, 00:13 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




Una News: चुनावी ड्यूटी में शिक्षकों को पूरी सुविधाएं देने की उठाई मांग #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar