जयपुर: चार करोड़ की घड़ियां चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन हजार किलोमीटर पीछा कर पकड़ा
जयपुर में टोंक रोड स्थित राडो घड़ी शोरूम से करीब चार करोड़ रुपये की 251 लग्जरी घड़ियां चुराने वाले गिरोह के दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद पुलिस ने करीब तीन हजार किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया और 800 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। दोनों आरोपियों को बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन इलाके से पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, गिरोह के आठ सदस्यों की पहचान हुई है। यह गिरोह देश के अलग-अलग राज्यों में मोबाइल, ज्वेलरी और महंगी घड़ियों के शोरूम में चोरी की वारदात कर चुका है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय प्रसाद जायसवाल (41) और दिनेश पासवान (46) के रूप में हुई है। मंगलवार को मेडिकल जांच के लिए जयपुरिया अस्पताल ले जाते समय एक आरोपी ने दीवार कूदकर भागने की कोशिश की। इस दौरान उसका पैर फ्रैक्चर हो गया। इलाज के बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें छह दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस चोरी की घड़ियों की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है। शटर तोड़कर 36 मिनट में चुरा लीं 251 घड़ियां डीसीपी ईस्ट रंजिता शर्मा के अनुसार, टोंक रोड पर ग्लास फैक्ट्री के पास स्थित राडो शोरूम में एक अक्टूबर को चोरी हुई थी। बदमाशों ने पहले शोरूम की रेकी की और फिर शटर तोड़कर महज 36 मिनट में 251 घड़ियां चुरा लीं। इनकी कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई गई है। शोरूम मालिक की शिकायत पर बजाज नगर थाने में मामला दर्ज किया गया था। वारदात के खुलासे के लिए बजाज नगर थाना पुलिस, सीएसटी और डीएसटी जयपुर ईस्ट की विशेष टीमें बनाई गईं। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के कैमरों के साथ रास्तों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान जयपुर, कोटपूतली, गुरुग्राम, दिल्ली और गाजियाबाद सहित 50 से ज्यादा स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपियों के संभावित ठिकानों की तलाश के साथ नेपाल सीमा के बीरगंज और रक्सौल क्षेत्र में भी निगरानी रखी गई। यह भी पढें-एसआई भर्ती पेपर लीक: 25 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार, अब तक 157 आरोपी पकड़े गए बिहार के घोड़ासहन तक पहुंची पुलिस जांच के दौरान पुलिस टीम बिहार के मोतिहारी जिले के घोड़ासहन इलाके तक पहुंची। आरोपियों की तस्वीरों और अन्य सुरागों के आधार पर अजय प्रसाद जायसवाल और दिनेश पासवान की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में शामिल आठ लोगों के नाम सामने आए हैं। इनमें सुबोध उर्फ विकास डूम, सुरेंद्र प्रसाद उर्फ बैला, अरुण शाह, श्याम बाबू उर्फ गुल्लीशाह, अजय प्रसाद जायसवाल, राजा मलाह उर्फ साहनी, राजकुमार मलाह और दिनेश पासवान शामिल हैं। पुलिस अब गिरोह के बाकी सदस्यों का पता लगाने और चोरी की घड़ियां बरामद करने में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में अन्य वारदातों और चोरी के माल को ठिकाने लगाने के तरीकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। नौ राज्यों में शोरूम को बना चुके हैं निशाना पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य महंगी घड़ियों, मोबाइल फोन और ज्वेलरी के शोरूम की पहले रेकी करते थे। वारदात के समय दुकान के सामने पर्दा या बेडशीट लगाकर शटर तोड़ते और सामान लेकर फरार हो जाते थे। जांच में कोटा, उज्जैन, रतलाम, वडोदरा, कोच्चि, दिल्ली, आसनसोल, अलीपुरद्वार, जलगांव, त्रिपुरा और झारखंड के धनबाद सहित कई शहरों में चोरी की वारदातों से जुड़े सुराग मिले हैं। पुलिस को आशंका है कि गिरोह ने देश के अन्य शहरों और नेपाल में भी वारदातें की हो सकती हैं। इन मामलों की कड़ियां जोड़ने के लिए जांच जारी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 28, 2026, 02:49 IST
जयपुर: चार करोड़ की घड़ियां चुराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, तीन हजार किलोमीटर पीछा कर पकड़ा #CityStates #Jaipur #Rajasthan #JaipurRadoShowroomTheft #Rs4CroreWatchTheft #RadoWatchHeistJaipur #JaipurPolice #RadoShowroomRobbery #SubahSamachar
