काशी में आज पहला एयर शो: पहली बार गंगा के ऊपर दिखेंगे राफेल, जगुआर और तेजस; लोगों ने देखा वायु सेना का शौर्य
विंग्स ओवर गंगेज की थीम पर वायु सेना की ओर से आयोजित तीन दिवसीय एरियल डिस्प्ले 2026 आज से शुरू हो रहा है। इसके लिए बुधवार को गंगा के ऊपर अभ्यास किया गया। इसमें राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000, जगुआर, मिग-29 और तेजस जैसे लड़ाकू विमानों ने मैन्यूवर दिखाए। राफेल और सुखोई की गर्जना से काशी का आसमान गूंज उठा। नमो घाट पर एयर शो के लिए होने वाले अभ्यास को लेकर पहले ही एयर वाइस मार्शल पीवीएस नारायना ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी थी। बृहस्पतिवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय एयर शो में राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, मिराज-2000 और तेजस जैसे लड़ाकू विमान अपनी रफ्तार और युद्धक क्षमता का प्रदर्शन करेंगे। इसमें आईएल 78 पहली बार एयर शो में शामिल होगा। वहीं, बोइंग सी-17 ग्लोबमास्टर थ्री सूर्यकिरन के 9 विमानों संग पहली बार एयर शो में मैन्यूवर करेगा। नमो घाट पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने जा रहे भारतीय वायुसेना के हवाई प्रदर्शन-2026 में 100 विमान हिस्सा लेंगे। इसमें कैलाश, त्रिलोचन, नटराज और विश्वनाथ आदि जैसे 25 फॉर्मेशन के जरिये तीनों सेनाओं के बीच समन्वय की झलक भी दिखाई देेगी। काशी के आसमान में नजर आने वाले लड़ाकू विमान देश के 12 अलग-अलग एयरबेस से उड़ान भरेंगे। इनमें चेन्नई के निकट स्थित नौसैनिक अड्डा अरक्कोणम भी शामिल है। यह एयर शो काशी के नमो से अस्सी घाट तक दिखाई देगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 21, 2026, 23:56 IST
काशी में आज पहला एयर शो: पहली बार गंगा के ऊपर दिखेंगे राफेल, जगुआर और तेजस; लोगों ने देखा वायु सेना का शौर्य #CityStates #Varanasi #Chandauli #VaranasiAirShow #WingsOverGanga #IndianAirForce #SubahSamachar
