एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव 2026: पूर्व मेजर जनरल बख्शी ने सुनाए युद्ध के किस्से, छात्रों को दिया जीत का मंत्र
वैश्विक सुरक्षा परिदृश्य और कारोबारी चुनौतियों के बीच साहस, अनुशासन और एकजुटता को सफलता की कुंजी बताते हुए पूर्व मेजर जनरल (डॉ.) गगनदीप बख्शी ने छात्रों को विपरीत परिस्थितियों में डटकर मुकाबला करने का संदेश दिया। वह बुधवार को श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स में आयोजित बिजनेस कॉन्क्लेव 2026 के दूसरे दिन संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध और मध्य पूर्व के संघर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनौतियां स्थायी नहीं होतीं, दृढ़ संकल्प से विजय निश्चित है। उन्होंने छात्रों को अपने सेना जीवन और 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में अमर उजाला मीडिया पार्टनर की भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि वह 1971 के बॉर्न टू बैटल बैच के थे और युद्ध के समय उन्हें 14 नवंबर 1971 को कमीशन मिला था। बख्शी ने कहा कि युद्ध की शुरुआत में उन्हें ट्रेन से सिलीगुड़ी स्टेशन उतरना पड़ा, जहां हजारों सैनिकों की फौज तैयार खड़ी थी। ट्रेन से उतरते ही उनकी पलटन को तुरंत बांग्लादेश में भेज दिया गया। कई सैनिकों ने पहली ही रात अपनी जान गंवा दी। सिर्फ 13 दिन में हमारी सेनाओं ने 550 किलोमीटर मार्च करके ढाका पर कब्जा किया और 93,000 पाकिस्तानी सैनिकों ने सरेंडर कर दिया। यह दूसरे विश्व युद्ध के बाद सबसे बड़ा सामूहिक सरेंडर माना गया। कॉन्क्लेव के दूसरे दिन छात्रों को प्रेरित करने वाले कई बड़े नामों से रूबरू कराया गया। ऐसे में पूरे दिन स्पीकर स्पीच, छात्रों के स्टार्टअप स्टॉल, गेम और बिजनेस से संबंधित गुर का सिलसिला चलता रहा। फाइनेंस, कंसल्टेंट, पॉलिसी व अन्य बिजनेस संबंधित गतिविधियों की प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम में छात्रों ने बिजनेस के गुर सीखने के साथ-साथ हंसी के ठहाके भी लगाए। इसके अलावा इसमें सिप यात्रा के संस्थापक हर्ष गुप्ता ने सभा में इंवेस्टमेंट का पाठ पढ़ाया। टाटा के सीईओ गिरीश कृष्णमूर्ति ने हेल्थ के बारे में जानकारी दी और जीटी पैनल ने स्टार्टअप के जानकारी दी। स्पोर्ट्स पैनल में दीपक निवास हुड्डा, विजेंद्र सिंह, योगेश दत्त और रवि दहिया ने अपने जीवन के संघर्ष पर चर्चा की। कॉमेडियन आशीष सोलंकी ने सभी को गुदगुदाया और केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने छात्रों को प्रेरणा दी। कॉन्क्लेव में कई रोचक प्रतियोगिताएं हुई, जिसमें केस स्टडी, मार्केटिंग, ह्यूमन रिसोर्स, पब्लिक रिलेशंस जैसी चुनौतियों को छात्रों को समझा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 19, 2026, 04:55 IST
एसआरसीसी बिजनेस कॉन्क्लेव 2026: पूर्व मेजर जनरल बख्शी ने सुनाए युद्ध के किस्से, छात्रों को दिया जीत का मंत्र #CityStates #Delhi #SrccBusinessConclave2026 #ShriRamCollegeOfCommerce #FormerMajorGeneralGagandeepBakshi #DelhiNews #DelhiNewsInHindi #SubahSamachar
