राजस्थान: हल्दीघाटी में बनेगी महाराणा प्रताप की सबसे ऊंची प्रतिमा, जानें क्या होगा खास

राजस्थान के ऐतिहासिक स्थल हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप की दुनिया की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसके साथ ही यहां 168.39 करोड़ रुपये की लागत से भव्य पर्यटन सर्किट विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य महाराणा प्रताप के शौर्य और हल्दीघाटी के ऐतिहासिक महत्व को संरक्षित करने के साथ देश-विदेश के पर्यटकों को आकर्षित करना है। सार्वजनिक क्षेत्र की निर्माण कंपनी एनबीसीसी लिमिटेड इस पूरी परियोजना को तैयार करेगी। राजस्थान सरकार ने इसके लिए पर्यटन विभाग, राजस्थान हेरिटेज अथॉरिटी और एनबीसीसी के बीच समझौते की प्रक्रिया पूरी कर ली है। एनबीसीसी तैयार करेगी महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट हल्दीघाटी में महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के निर्माण और विकास के लिए एनबीसीसी लिमिटेड ने राजस्थान सरकार के पर्यटन विभाग और राजस्थान हेरिटेज अथॉरिटी के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। इस समझौते के तहत एनबीसीसी परियोजना की योजना तैयार करने से लेकर डिजाइन, निर्माण और परिसर के संचालन एवं रखरखाव तक की जिम्मेदारी संभालेगी। राज्य सरकार की ओर से स्वीकृत इस परियोजना का कुल बजट जीएसटी के बिना 168.39 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा कंपनी को परियोजना की वास्तविक निर्माण लागत का 4.25 प्रतिशत हिस्सा प्रोजेक्ट मैनेजमेंट कंसल्टेंसी शुल्क के रूप में मिलेगा। निर्माण कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने की जिम्मेदारी भी एनबीसीसी की होगी। चेतक पर सवार दिखेंगे महाराणा प्रताप, बनेगा ऐतिहासिक संग्रहालय इस पर्यटन सर्किट का सबसे बड़ा आकर्षण महाराणा प्रताप की विशाल प्रतिमा होगी। इसे दुनिया में महाराणा प्रताप की सबसे ऊंची प्रतिमा के रूप में स्थापित करने की योजना है। परिसर में एक विश्वस्तरीय ऐतिहासिक संग्रहालय भी बनाया जाएगा। संग्रहालय में महाराणा प्रताप को उनके प्रसिद्ध और स्वामिभक्त घोड़े चेतक पर सवार दिखाया जाएगा। इसके जरिए पर्यटकों को उनके साहस, शौर्य और संघर्ष की गाथा से रूबरू कराया जाएगा। इस ऐतिहासिक प्रस्तुति का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत के इतिहास, पराक्रम और स्वाभिमान से जुड़े प्रसंगों की जानकारी देना है। प्रोजेक्शन शो में दिखेगा हल्दीघाटी युद्ध का इतिहास परियोजना में आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर भी जोर दिया गया है। इसके तहत हल्दीघाटी स्मारक पर अत्याधुनिक टोपोग्राफिकल प्रोजेक्शन शो आयोजित किया जाएगा। इस शो के माध्यम से हल्दीघाटी युद्ध की प्रमुख घटनाओं, रणनीतिक संघर्ष और उसके ऐतिहासिक महत्व को दृश्य माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। इस तकनीकी प्रस्तुति के जरिए पर्यटक युद्ध से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को एक जीवंत अनुभव के रूप में देख सकेंगे। इससे हल्दीघाटी आने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों को महाराणा प्रताप के जीवन और उनके संघर्ष को करीब से समझने का अवसर मिलेगा। राजस्थान के ऐतिहासिक पर्यटन को मिलेगी नई पहचान एनबीसीसी लिमिटेड इस पूरे पर्यटन सर्किट को विश्वस्तरीय मानकों के अनुरूप विकसित करेगी। प्रतिमा, संग्रहालय और प्रोजेक्शन शो के माध्यम से हल्दीघाटी को एक प्रमुख ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना है। परियोजना के पूरा होने के बाद राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयासों को नया आधार मिलने की उम्मीद है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 03, 2026, 09:50 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




राजस्थान: हल्दीघाटी में बनेगी महाराणा प्रताप की सबसे ऊंची प्रतिमा, जानें क्या होगा खास #CityStates #Chittorgarh #Rajasthan #RajasthanNews #SubahSamachar