बेटियों को शिक्षा और अवसरों में प्राथमिकता देना जरूरी : डीसी

ऊना। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और अवसरों में प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है ताकि वे अपने अधिकार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि जब बेटियां शिक्षित और सशक्त बनती हैं तो पूरा समाज प्रगति की ओर अग्रसर होता है। वह शनिवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजकीय कन्या महाविद्यालय लालसिंगी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव अनीता शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस वर्ष महिला दिवस की थीम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर केंद्रित रही। उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का हमारे जीवन और समाज को सही दिशा देने में विशेष योगदान होता है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। समाज के समावेशी विकास के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।इससे पहले उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।कार्यक्रम में विभिन्न आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिला सशक्तीकरण पर मॉडलिंग, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ विषय पर स्किट तथा विभागीय योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पोषण अभियान के अंतर्गत तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार करवाया गया तथा तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न करवाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार वितरित किए गए। कार्यक्रम में जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा, बाल विकास परियोजना अधिकारी शिव कुमार वर्मा, जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, विभागीय अधिकारी, विभिन्न ब्लॉकों के सुपरवाइजर तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 07, 2026, 23:53 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




बेटियों को शिक्षा और अवसरों में प्राथमिकता देना जरूरी : डीसी #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar